राजस्थान में बीजेपी MLA पिटाई मामले में नया मोड़, इंजीनियर ने कहा- मुझे पाइपों से पीटा, आंख में लगी गंभीर चोट

श्रीगंगानगर। विधायक सेवा केंद्र में हुए विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा ने भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और उनके समर्थकों पर बुरी तरह पिटाई और जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाए हैं, जबकि विधायक ने भी अधिकारियों पर हाथापाई का आरोप लगाया है।

‘विधायक ने बुलाया था सेवा केंद्र’

बैरवा ने बताया कि उन्हें फोन कर विधायक सेवा केंद्र बुलाया गया था। वे एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज और इंजीनियर सोहराम के साथ वहां पहुंचे। उनके अनुसार, पहुंचते ही विधायक गाड़ी में बैठे थे और बिना कुछ सुने उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद जातिसूचक गालियां दी गईं और समर्थकों ने उन्हें नीचे गिराकर लात-घूंसों और पाइपों से पीटा। बैरवा का कहना है कि उनकी एक आंख को नुकसान पहुंचा है और शरीर पर कई चोटें आई हैं।

आरोपों को बेबुनियाद बताया

उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह खुद जाकर विधायक से मारपीट क्यों करेंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। घटना के बाद प्रदेशभर के अभियंताओं में आक्रोश फैल गया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में इंजीनियरों ने सामूहिक अवकाश लेकर विरोध जताया। दलित संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पहले विधायक ने लगाए थे आरोेप

दूसरी ओर, विधायक जयदीप बिहाणी ने पहले अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि बिहाणी कॉलेज स्थित विधायक सेवा केंद्र में पेयजल समस्या को लेकर बैठक चल रही थी, जिसमें आरयूआईडीपी के एईएन जगन्नाथ बैरवा और एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अधिकारियों ने तैश में आकर विधायक के साथ हाथापाई की, यहां तक कि उनके चेहरे पर थप्पड़ मारा, जिससे उनका चश्मा भी टूट गया।

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। अब पूरे मामले की जांच की मांग तेज हो गई है और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।