Indian Railway Alert: रेल यात्रियों के लिए बड़ा अलर्ट, 3 से 15 मई तक 60 ट्रेनें प्रभावित, सफर से पहले जांचें स्टेटस

जयपुर। यात्रीगण ध्यान दें… यदि आप 3 से 15 मई के बीच जयपुर से रेल यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो एक बार अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इस अवधि में जयपुर के कनकपुरा स्टेशन के यार्ड में तकनीकी कार्य किया जाएगा, जिसके चलते जयपुर आने-जाने वाली करीब 60 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें शताब्दी, पूजा एक्सप्रेस समेत 19 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, 23 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और 6 ट्रेनें रीशेड्यूल की जाएंगी।

यह वीडियो भी देखें

रेलवे अधिकारियों के अनुसार भोपाल-जोधपुर ट्रेन 3, 4, 5, 8, 12, 13 और 14 मई को रद्द रहेगी, जबकि जोधपुर-भोपाल ट्रेन 2, 3, 4, 7, 11, 12 और 13 मई को रद्द रहेगी। इसी तरह अजमेर-गंगापुर सिटी और गंगापुर सिटी-अजमेर ट्रेन 12 मई को एक-एक ट्रिप के लिए रद्द रहेंगी। इसके अलावा 3 से 15 मई के बीच अलग-अलग दिनों में आगरा फोर्ट-अजमेर-आगरा फोर्ट, नई दिल्ली-दौराई शताब्दी, जबलपुर-अजमेर, जैसलमेर-जयपुर, उदयपुर सिटी-जयपुर, कोयंबटूर-जयपुर स्पेशल और जम्मूतवी-अजमेर सहित कुल 19 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी।

23 ट्रेनें बदले रूट से चलेगी

रेलवे के अनुसार जैसलमेर-काठगोदाम, अजमेर-किशनगंज, हिसार-हैदराबाद, पोरबंदर-मुजफ्फरपुर सहित 23 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। वहीं जोधपुर-वाराणसी सिटी, अजमेर-सियालदह, अजमेर-जम्मूतवी, जयपुर-भोपाल और इंदौर-जोधपुर ट्रेनें अलग-अलग तिथियों पर रीशेड्यूल की जाएंगी। इसके साथ ही जैसलमेर-जयपुर, वाराणसी सिटी-जोधपुर समेत सात ट्रेनों को विभिन्न स्थानों पर रेगुलेट भी किया जाएगा।

इनका नहीं होगा कनकपुरा से ठहराव

रेलवे ने जानकारी दी कि 11 मई को भोपाल-जोधपुर, जयपुर-जैसलमेर, जयपुर-भोपाल, गंगापुर सिटी-अजमेर और जयपुर-फुलेरा ट्रेनें कनकपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। वहीं 12 मई को जयपुर-सूरतगढ़, जयपुर-जोधपुर, जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल, भोपाल-जोधपुर और जयपुर-भोपाल ट्रेनें भी इस स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। वहीं रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09157/09158 बान्द्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बोरीवली ग्रीष्मकालीन विशेष अनारक्षित एक्सप्रेस का संचालन एक-एक फेरे में किया जाएगा। यह ट्रेन 3 मई को बान्द्रा टर्मिनस से तथा 4 मई को गोरखपुर से चलेगी।