New Rail Track: राजस्थान में बिछेगी 173KM तक नई रेल लाइन, 1533 करोड़ की परियोजना को मिली हरी झंडी

नोखा। क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति देने के लिए बीकानेर से मेड़ता रोड रेलखंड के दोहरीकरण को रेलवे विभाग ने मंजूरी दे दी है और इसके लिए गजट नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि माल परिवहन भी अधिक तेज और सुगम हो सकेगा।

यह वीडियो भी देखें

रेलवे विभाग के अनुसार मेड़ता रोड-बीकानेर रेलखंड की करीब 173 किलोमीटर लंबी लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत लगभग 1533 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। इसे स्पेशल रेल प्रोजेक्ट का दर्जा दिया गया है, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आसान होगी और निर्माण कार्य में तेजी आएगी। यह परियोजना प्रधानमंत्री कार्यालय, रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड की निगरानी में संचालित की जाएगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बीकानेर से नोखा तक बिछाई जाएगी डबल लाइन

परियोजना के तहत बीकानेर से उदयरामसर, पलाना, देशनोक और सुरपुरा होते हुए नोखा तक डबल लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा नोखा से नागौर होते हुए मेड़ता रोड तक भी रेलमार्ग का दोहरीकरण किया जाएगा। इस पूरे रूट पर मौजूदा सिंगल लाइन का ट्रैक रिन्यूअल भी किया जाएगा, जिससे रेल संचालन और अधिक सुरक्षित और सुचारू हो सके।

इसके साथ ही इस रेलखंड पर पुराने 57 रेलवे अंडर ब्रिज का विस्तार किया जाएगा। वहीं 44 छोटे पुलों के साथ 37 नए अंडर ब्रिज भी बनाए जाएंगे, ताकि यातायात बाधित न हो और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इससे रेलवे नेटवर्क मजबूत होगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई ने इस स्वीकृति पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का आभार व्यक्त किया है। इससे पहले सरमथुरा से गंगापुर सिटी के बीच नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी चल रही है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अब विशेष रेल परियोजना में शामिल किया गया है। अभी धौलपुर से सरमथुरा के बीच 74 किमी लंबे रूट पर आमान परिवर्तन का काम चल रहा है, जो दिसंबर 2026 तक पूरा होना है।