IMD Alert: अलर्ट…अलर्ट…अगले 2 घंटे इन जिलों में 60 किमी. प्रति घंटे से आने वाली आंधी, होगी बारिश

जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी (नाउकास्ट) ने प्रदेश के कई जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। जारी चेतावनी के अनुसार जयपुर और टोंक जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

वहीं नागौर, डीडवाना-कुचामन, अजमेर, दौसा, सवाई माधोपुर और करौली जिलों में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। आगामी कुछ घंटों में मौसम का यह प्रभाव देखने को मिल सकता है, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

प्रदेश में मौसम एक बार फिर ले रहा करवट

जयपुर। प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर क्षेत्र के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है, जिसके चलते आने वाले दिनों में राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपरी वायुमंडल में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, मई के पहले सप्ताह में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की अपील की गई है।