भीलवाड़ा: टेक्सटाइल सिटी में ब्याज माफियाओं का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। कर्ज के जाल और सूदखोरों की आए दिन की धमकियों से थक चुके प्रौढ़ ने आखिरकार मौत का रास्ता चुन लिया।
बता दें कि सर्वेश्वर कॉलोनी निवासी सूर्यप्रकाश दाधीच ने आत्महत्या से पहले एक दर्दनाक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा साझा की, जो अब इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सबूत बन गया है। सुभाषनगर थाना पुलिस सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया।
थानाप्रभारी कैलाश चंद्र विश्नोई ने बताया कि सर्वेश्वर कॉलोनी निवासी सूर्यप्रकाश दाधीच (51) जोधपुर में निजी कॉलेज में नर्सिंग अधीक्षक थे। वह मंगलवार सुबह घर से निकल गए। दोपहर में सूदखोरों से परेशान होकर वीडियो बनाया और उसमें आपबीत्ती बताई तथा परिवार का ध्यान रखने की बात कहते हुए वीडियो साले संजय तिवारी को भेजा।
इस बारे में साले ने घर में पता किया तो सूर्यप्रकाश नहीं मिले। मोबाइल पर कॉल करने पर रिसीव नहीं कर रहे थे। परिजन चिंतित हो गए और सुभाषनगर थाने पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली तो वह आरके कॉलोनी पार्क में आई।
पुलिस परिजनों के साथ वहां पहुंची तो सूर्यप्रकाश के विषाक्त पदार्थ खाने से अचेत हालत में पड़े मिले। उनको तत्काल एमजीएच लाया गया। यहां उनकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया और समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
अंतिम वीडियो: भाई, अब परिवार का ख्याल रखना
सूर्यप्रकाश ने विषाक्त पदार्थ खाने से पहले अपने साले संजय तिवारी को एक वीडियो भेजा। कांपती आवाज में रिकॉर्ड किए वीडियो में उन्होंने सूदखोरों के उस आतंक को बयां किया, जिसने उन्हें इस कदम तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि वे अपनी मूल रकम से कई गुना ज्यादा पैसा ब्याज के रूप में चुका चुके थे, लेकिन पैसे की भूख में डूबे सूदखोरों का तकाजा खत्म नहीं हो रहा था। उन्होंने अपने भाई भरत से परिवार का ध्यान रखने की भावुक अपील करते हुए दुनिया को अलविदा किया।
धमकियों से दहशत में था परिवार
मृतक के साले संजय ने बताया कि जीजा सूर्यप्रकाश लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहे थे। सूदखोर इतने बेखौफ थे कि वे न केवल सूर्यप्रकाश को, बल्कि उनके बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी फोन कर धमका रहे थे।
इसी खौफ और जिल्लत के चलते उन्होंने अपनी जान दी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
थानाप्रभारी विश्नोई ने बताया कि मृतक की पत्नी श्रीमती विनोद दाधीच ने मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने ने बृजमोहान सुवालका, विनोद कोगटा, राजकुमार पाराशर तथा चेनू समेत कुछ सूदखोरों पर परेशान करने, धमकाने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया।