Weather Update : राजस्थान के 3 जिलों में 3 घंटे में झमाझम बारिश का अलर्ट, नए पश्चिमी विक्षोभ से 4 मई से चलेगी तूफानी हवाएं

Weather Update : राजस्थान में तपती गर्मी और लू (हीटवेव) से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी। इस मौसमी बदलाव के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है, जिससे फिलहाल हीटवेव से राहत बनी रहेगी। वहीं मौसम विभाग के रविवार को जारी नए Prediction के अनुसार तीन घंटे के अंदर राजस्थान के तीन जिलों कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़ में झमाझम बारिश होने का अनुमान है। मेघगर्जन के साथ ही 30-40 KMPH की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 4 मई से दिखाएगा प्रदेश में प्रभाव

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 4 मई से प्रदेश में प्रभाव दिखाएगा। इस दौरान बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में आंधी-बारिश की तीव्रता काफी अधिक रहने की संभावना है। केंद्र के अनुसार सामान्य तौर पर हवाएं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, लेकिन विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं इनकी गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

pic.twitter.com/ICoLCPrgka

— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) May 3, 2026

विशेष रूप से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में तेज मेघगर्जन और धूल भरी आंधी को लेकर विभाग ने सतर्क रहने को कहा है। वर्तमान में चल रहे आंधी और बारिश के दौर के कारण राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।

मई की शुरुआत अपेक्षाकृत कम गर्म रहेगी – मौसम विशेषज्ञ

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मई की शुरुआत अपेक्षाकृत कम गर्म रहेगी। तीन शहरों में 44 डिग्री से अधिक पारा मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के तीन शहरों में दिन का तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। बाड़मेर में 44.3, जैसलमेर में 44.4 और फलोदी में 44.4 डिग्री दिन का तापमान दर्ज किया गया। इधर, रात के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फलोदी में 30 डिग्री दर्ज किया गया।

जयपुर में एक घंटे में गिरा 11 डिग्री पारा

जयपुर में सुबह 9 बजे अचानक आंधी चलने लगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इस दौरान पारा करीब 11 डिग्री गिर गया। 10 बजे बाद फिर से पारा चढ़ना शुरू हुआ और 38.4 डिग्री पहुंच गया। जयपुर में रविवार सुबह 9 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

अधिकतम – तापमान
बाड़मेर 44.3
फलोदी 44.4
बीकानेर 43.5
चित्तौड़गढ़ 43.2
जैसलमेर 44.4
जोधपुर 42.6
चूरू 41.9
श्रीगगानगर 42.8
अलवर 41.4
पाली 40.8
जालोर 39.8
कोटा 39.0।