Rajasthan Couple Death Case: बहू-बेटे के शव देख मां के उड़े होश, पत्नी के चेहरे पर चोट के निशान; इलाके में सनसनी

फतेहपुर/सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में पति-पत्नी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पहले पत्नी फंदे पर लटकी मिली, जिसके बाद पति ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर कस्बे के कारंगा बड़ा गांव में संजू कंवर (37) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उसके नाक और चेहरे पर चोट के निशान थे, जबकि पैर चारपाई को छू रहे थे। ऐसे में पुलिस महिला की मौत को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।

इसी बीच पति राजवीर सिंह (37) ने भी घर के दूसरे कमरे में रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता तब चला जब मृतक की वृद्ध मां घर पहुंची और दोनों को फंदे पर लटका देखा। यह देखकर बुजुर्ग के होश उड़ गए। बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना के समय स्कूल गए हुए थे दोनों बच्चे

दंपती की शादी करीब 14-15 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे है-12 साल की बेटी और 10 साल का बेटा जो घटना के समय स्कूल गए हुए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में मौत का कारण घरेलू कलह

फतेहपुर सदर थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह को कारण माना जा रहा है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए है और मृतका के पीहर पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। दोनों शवों को फिलहाल कपिल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।