Smart City Jaipur: जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के बाद राजधानी जयपुर में मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को लेकर काम में तेजी आ गई है। जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JMRC) ने फेज-2 के तहत महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए 918.04 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले प्रोजेक्ट के लिए स्वीकृति पत्र (एलओए) जारी कर दिया है। इसके साथ ही शहर में आधुनिक और सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत फेज-2 के पहले पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक लगभग 12 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस कॉरिडोर पर एलिवेटेड वायाडक्ट के साथ कुल 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला शामिल हैं। यह कॉरिडोर शहर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
मेट्रो डिपो तक पहुंचने के लिए स्पर लाइन का निर्माण
इसके अलावा, परियोजना में मेट्रो डिपो तक पहुंचने के लिए स्पर लाइन का निर्माण भी शामिल है, जिससे संचालन और रखरखाव में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कुल प्रस्तावित 41 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क में से शेष 29 किलोमीटर के लिए भी जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
13,037.66 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी
गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने तेजी से इसकी क्रियान्वयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 के पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही, यह परियोजना शहर के आर्थिक विकास और शहरी विस्तार को भी नई दिशा देगी।