Rajasthan Weather: जयपुर. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार सीकर, अलवर जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भीलवाडा, बूंदी, कोटा तथा बारां सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
चेतावनी के तहत इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि यह स्थिति अस्थायी है, लेकिन सतर्क रहने की आवश्यकता है।
प्रशासन और आमजन को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है। किसानों और राहगीरों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल यह चेतावनी सामान्य प्रभाव वाली है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहना जरूरी है।
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में आंधी-बारिश तो कहीं हीटवेव जारी
जयपुर। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में मिश्रित बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाएं, आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में हीटवेव और गर्म रातों का असर बना रहा।
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान फलोदी में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान फतेहपुर और सीकर में 21 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में आर्द्रता का स्तर 20 से 68 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे मौसम में उमस भी महसूस की गई।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और चूरू जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज हुई। तिब्बी में 13 सेमी और करणपुर में 11 सेमी बारिश हुई। वहीं पूर्वी राजस्थान के उदयपुर-झाड़ी क्षेत्र में 8 सेमी तथा झुंझुनूं-सीकर में 6 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के प्रभाव से आगामी 3-4 दिनों तक दोपहर बाद आंधी (40-50 किमी/घंटा) और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी इलाकों में हीटवेव का असर अभी भी जारी रह सकता है।