Weather Alert 25 April: मौसम ने ली अचानक करवट, अगले 1 घंटे में कई जिलों में बारिश तथा आंधी

Rajasthan Heatwave: जयपुर. राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और कई जिलों में बारिश तथा आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कल देर रात से लगातार अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि सीकर, चूरू, झुंझुनू व नागौर जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन अचानक मौसम परिवर्तन से सावधानी जरूरी है। लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

अगले कुछ घंटों तक यह मौसम गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने की संभावना है।


वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी तंत्रों के असर से आने वाले दिनों में गर्मी और आंधी-बारिश दोनों का असर देखने को मिलेगा। वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, वहीं उत्तर हरियाणा के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण बांग्लादेश तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।

27-28 अप्रैल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना है। खासकर उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हालांकि, 26 अप्रैल से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव शुरू होगा। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 26 अप्रैल को और 27-28 अप्रैल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ धूलभरी आंधी चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।