मौसम ने ली करवट! राजस्थान के 16 जिलों में येलो अलर्ट, 30-40 किमी तेज हवाएं और आकाशीय बिजली

जयपुर। प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है। 25 अप्रेल को जारी यह अलर्ट आगामी तीन घंटे तक प्रभावी रहेगा। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं, हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जिससे आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।

यह वीडियो भी देखें

चेतावनी में जयपुर, चूरू, झुंझुनूं, अजमेर, टोंक, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, सीकर, दौसा, धौलपुर, भरतपुर, करौली, सवाईमाधोपुर और सिरोही जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम के अचानक बदलने की आशंका जताई गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश और मेघगर्जन भी हो सकता है।

pic.twitter.com/648dizP9jA

— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) April 25, 2026

विभाग के दैनिक पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासकर पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा।

सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

हालांकि, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 26 अप्रेल से मौसम में फिर बदलाव आने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27 से 29 अप्रेल के बीच तेज आंधी, मेघगर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने को कहा गया है। साथ ही किसानों और आमजन को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, एक तरफ जहां तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी परेशान करेगी, वहीं बीच-बीच में आंधी और बारिश से राहत भी मिल सकती है। ऐसे में बदलते मौसम के इस दौर में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। अगले कुछ घंटों तक यह मौसम गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने की संभावना है।