गंगापुरसिटी में दर्दनाक हादसा; कार पलटने से युवक की मौत, गौणे से पहले उजड़ा सुहाग

गंगापुरसिटी (सवाईमाधोपुर)। पीलोदा थाना क्षेत्र में छोटी उदेई-पीलोदा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे अनियंत्रित कार पलटने से चालक युवक की मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी बाल-बाल बच गए। मृतक करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के आरेज गांव निवासी युवक रामवीर (23) पुत्र राजाराम बागोरिया के रूप में हुई है।

मृतक के पिता ने बताया कि रामवीर शादी के करीब चार साल पहले हुई थी और गुरुवार रात वह अपने ससुराल छोटी उदेई में पत्नी का गौणा कराने आया था। परिजनों ने उसे शुक्रवार शाम को भेजने की बात कही थी। इस पर वह अपने साथियों के साथ नहाने के लिए तालाब पर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बच गए। हादसे की सूचना मिलते ही पीलोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार एकत्र हो गए।

पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा कार्रवाई की गई। पीलोदा थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे कार अचानक पलट गई। लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और घायल को बाहर निकाला।