Bengal New CM: सुवेंदु अधिकारी ही बनेंगे बंगाल के नए मुख्यमंत्री, भजनलाल शर्मा ने दी शुभकामनाएं, जानें क्या बोले?

जयपुर। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब भाजपा विधायक दल ने वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी को अपना नेता चुन लिया। इसके साथ ही सुवेंदु अधिकारी के राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। इस राजनीतिक घटनाक्रम पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार होने का भरोसा जताया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने लिखा कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण से बंगाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा मिलेगी। शर्मा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और भाजपा नेतृत्व के सहयोग से पश्चिम बंगाल में ‘सोनार बांग्ला’ का सपना निश्चित रूप से पूरा होगा।

पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने पर श्री @SuvenduWB जी को हार्दिक शुभकामनाएं!

मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव एवं जनसेवा के प्रति समर्पण से पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को नई दिशा मिलेगी।

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री… pic.twitter.com/cFwGz1vGQj

— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) May 8, 2026

विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

दूसरी तरफ कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में उनके नाम की घोषणा की गई। बैठक में भाजपा के सभी नव निर्वाचित विधायकों ने आम सहमति से उनका समर्थन किया। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सुवेंदु अधिकारी शनिवार सुबह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

#WATCH कोलकाता, पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल के नेता के रूप निर्वाचित घोषित करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने उनका अभिनंदन किया। https://t.co/jb1KcnYrPs pic.twitter.com/DI2Ekrb1IJ

— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 8, 2026

सुवेंदु ने दो बार ‘ममता’ को दी मात

भाजपा ने इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। यह पहली बार होगा जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव में भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीत- अमित शाह

अमित शाह ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना आखिरकार पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि 2014 में बंगाल में भाजपा का खाता खुला था और आज पार्टी राज्य की सत्ता तक पहुंच गई है। शाह ने इसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों की जीत बताते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने भय और हिंसा की राजनीति को नकार दिया है।

टीएमसी से भाजपा में आए थे सुवेंदु अधिकारी

55 वर्षीय सुवेंदु अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी के पुत्र हैं और लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस में रहने के बाद दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे। अब उनके नेतृत्व में भाजपा बंगाल में नई राजनीतिक शुरुआत करने जा रही है।