Jaipur Viral Video: जयपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। जयपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती शहर की व्यस्त सड़कों पर जानलेवा बाइक स्टंट करती नजर आ रही है। वीडियो में युवती रॉयल एनफील्ड जैसी बाइक को तेज रफ्तार में चलाते हुए कारों और बसों को ओवरटेक करती दिखाई देती है।
पुलिस के अनुसार, यह स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। वीडियो में बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है, जिसके बोल हुस्न गली में सैकड़ों दीवाने हो गए गुम… सुनाई देते हैं और उसी बीट पर युवती बाइक को खतरनाक तरीके से लहराती है।
चलती बाइक पर खड़े होकर किया स्टंट, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसा पोज
वीडियो में सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आता है जब युवती चलती बाइक पर खड़ी होकर हाथ फैलाती है, मानो वह किसी फिल्मी दृश्य की नकल कर रही हो। यह पूरा दृश्य सोशल मीडिया के लिए बनाया गया बताया जा रहा है, जहां लाइक्स और व्यूज के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट आम होते जा रहे हैं। जयपुर पुलिस ने इस वीडियो को एक चेतावनी के रूप में जारी किया, जिसमें साफ दिखाया गया कि किस तरह स्टंटबाजी को पहले सोशल मीडिया पर ग्लैमराइज किया जा रहा था।
पुलिस का सख्त संदेश , अब मिला चालान का जवाब
वीडियो के अगले हिस्से में जयपुर यातायात पुलिस की कार्रवाई दिखाई गई है, जिसमें युवती का चालान काटा जाता है। ई.चालान मशीन से लंबा चालान स्लिप निकलता है, जिसे देखकर स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियम तोड़ने वालों के लिए अब कोई नरमी नहीं होगी।
स्क्रीन पर लिखा संदेश, पहले स्टंट दिखाकर लाइक बटोर रहे थे, अब यातायात पुलिस के चालान से मिला सबक… ने लोगों का ध्यान खींचा। पुलिस ने इस वीडियो के जरिए युवाओं को चेतावनी दी है कि सड़कें स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षित यात्रा के लिए होती हैं। सोशल मीडिया पर लोग लड़की के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।