प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड आज राजस्थान के लिए खुशियों की नई बयार लेकर आया। रविवार, 26 अप्रैल की सुबह जब प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया, तो उन्होंने राजस्थान की रेत और यहां की हवाओं से पैदा हो रही ‘अदृश्य शक्ति’ का लोहा माना। प्रधानमंत्री ने न केवल राजस्थान को पवन ऊर्जा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने वाला राज्य बताया, बल्कि इसे युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार भी करार दिया।
पीएम के इस संबोधन के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे प्रदेश के भविष्य के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया है।
पीएम ने किया ‘अदृश्य शक्ति’ का गुणगान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने उद्बोधन की शुरुआत प्राचीन ग्रंथों के श्लोक ‘वायुर्वा इति व्यष्टि:, वायुरवै समष्टि:’ से की। उन्होंने देशवासियों को बताया कि भारत आज पवन ऊर्जा (Wind Energy) उत्पादन क्षमता में 56 गीगावाट के आंकड़े को पार कर चुका है।
दुनिया में चौथा स्थान: पीएम ने गर्व के साथ साझा किया कि भारत आज दुनिया में चौथी सबसे बड़ी पवन ऊर्जा शक्ति है।
राजस्थान का दबदबा: प्रधानमंत्री ने गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के साथ राजस्थान का नाम प्रमुखता से लेते हुए कहा कि राजस्थान जैसे राज्य इस सेक्टर में अपना परचम लहरा रहे हैं।
रेगिस्तान में बदल रही है किस्मत
पवन ऊर्जा फोटो-पत्रिका
पीएम मोदी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि राजस्थान और गुजरात के वो इलाके जहाँ पहले सिर्फ रेगिस्तान और वीराना नजर आता था, आज वहां विशाल Renewable Energy Parks खड़े हो रहे हैं।
युवाओं को अवसर: प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बदलाव का सबसे बड़ा लाभ युवाओं को मिल रहा है। नई स्किल्स विकसित हो रही हैं और रोजगार के ऐसे रास्ते खुल रहे हैं जिनकी कल्पना पहले नामुमकिन थी।
भविष्य की सुरक्षा: उन्होंने स्पष्ट किया कि सौर और पवन ऊर्जा केवल पर्यावरण की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे भविष्य की सुरक्षा का सवाल है।
सीएम भजनलाल गदगद: “राजस्थान कर रहा है देश का नेतृत्व”
प्रधानमंत्री के संबोधन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि राजस्थान आज नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश में ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को इस क्षेत्र में बड़े अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
हरित भविष्य: सीएम ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए योगदान देने की अपील की।