विधायक मद से साइटोलॉजी लैब, डीएमएफटी फंड से जनरेटर और आरएसएमएम को भेजे जाएंगे प्रस्ताव
उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने की। इसमें राज्यसभा सांसद चुन्नी लाल गरासिया, लोकसभा सदस्य मन्ना लाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेन्द्र उपस्थित थे।
मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगी सुविधाएंबैठक में प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन ने अस्पताल परिसर में मरीजों के स्थानांतरण की समस्या रखी। इस पर राज्यसभा सांसद चुन्नी लाल गरासिया और लोकसभा सांसद मन्ना लाल रावत ने 3-3 वातानुकूलित एम्बुलेंस देने की घोषणा की। इनकी कुल लागत 60 लाख रुपए होगी। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने कैंसर जांच के लिए अत्याधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ के जनरेटर
आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति के लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (डीएमएफटी) फंड से 2.6 करोड़ रुपए की लागत से तीन बड़े जनरेटर खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बैठक में राजस्थान राज्य खनिज एवं खनिज निगम (आरएसएमएम) को विभिन्न विकास प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। इनमें ब्लड डोनेशन बस, सीटी स्कैन मशीन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए जनरेटर और ऑडियो सिस्टम शामिल हैं।
यह रहे मौजूद
बैठक में महाराणा भूपाल चिकित्सालय, सुपर स्पेशियलिटी, पन्नाधाय चिकित्सालय, टीबी चिकित्सालय (बड़ी), सेटेलाइट चिकित्सालय हिरण मगरी और सुंदर सिंह भंडारी जिला चिकित्सालय अम्बामाता के अधीक्षक व विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।