जयपुर। ग्राम रथ अभियान की जयपुर जिले में तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर संदेश नायक ने रविवार को कलेक्ट्रेट में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए।
कलक्टर नायक ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को हर क्षेत्र में उन्नत एवं खुशहाल बनाने के लिए ‘ग्राम’ (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई तक करने जा रही है। इस मीट के राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के हजारों किसान और पशुपालक हिस्सा लेंगे। यह कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक, किसान समृद्धि और राजस्थान की संभावनाओं से जुड़ा अभिनव मंच है।
संदेश नायक ने बताया कि जिले की 10 ग्रामीण विधानसभाओ क्षेत्रों बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा, झोटवाड़ा के 22 ब्लॉक व 597 ग्राम पंचायत में लगातार 15 दिन तक ग्राम रथ अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांगानेर विधानसभा में भी ग्राम रथ अभियान के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
ग्राम रथ द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4 ग्राम पंचायतों 5 से 6 स्थानों पर लगभग 1-1 घंटे के विडियो, ऑडियों संदेश सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व ग्राम का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 10 ग्रामीण विधानसभाओं के उपखण्ड अधिकारियों से ग्राम रथों को चलाने के लिए रूट चार्ट प्राप्त हो चुका है।
राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों व पशुपालकों को सशक्त बनाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता ‘ग्राम रथ अभियान’ संचालित किया जाना है।
यह अभियान 27 अप्रेल से 15 दिवस के लिए चलेगा। कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार और रथों के व्यवस्थित सुसंचालन एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर कार्यक्रम का नोडल अधिकारी जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र का नोडल अधिकारी संबंधित उपखंड अधिकारी को बनाया गया है।
13 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी
‘ग्राम’ से जुड़े कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास विभाग सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्राम रथ अभियान के दौरान आमजन को उपलब्ध करवाई जाएगी।
सुझाव पेटिका
ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है। स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्या और उत्कृष्ट सुझाव इस पेटिका के माध्यम से राज्य सरकार को भिजवा सकते हैं।
कला जत्था
प्रतिदिन विश्राम स्थल पर संध्या चौपाल अभियान का मुख्य आर्कषण रहेगा। रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकारों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं सहित जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 सहित का व्यापक प्रचार-प्रसार कर कृषकों, पशुपालकों व निवेशकों को इसमे सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता अभियान में जनप्रतिनिधियों सहित आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।