सिरोही। थाना क्षेत्र के पादर-मेथीपुरा मार्ग पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मृतक मां और दो बेटों के शव रविवार को मंडार से उनके गांव वेरा जैतपुरा पहुंचे तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के तीन जनों के शव एक साथ पहुंचने पर हर किसी की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे में मां छैल कुंवर और उसके दो बेटे श्रीपाल सिंह व विपुल की मौत हो गई थी, जबकि बेटी मनीषा कुंवर गंभीर रूप से घायल है, जिसका गुजरात में उपचार जारी है।
यह वीडियो भी देखें
शनिवार देर रात तीनों के शव गुजरात से मंडार लाए गए, जहां उन्हें मोर्चरी में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद परिजन शवों को मृतका के ससुराल वेरा जैतपुरा ले गए, जहां परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिवारजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मृतका के जेठ लादूसिंह, नरपत सिंह और देवर गजेंद्र सिंह के साथ भटाना प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा भी मौके पर मौजूद रहे।
वावदरा मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे, कार ने रौंदा
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार मृतका के भाई जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी बहन और बच्चे शनिवार को बाइक से वावदरा मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन कर लौटते समय वे सड़क किनारे पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए गुजरात रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में मां और दोनों बेटों ने दम तोड़ दिया।
बड़ा भाई कॉलेज और छोटा 9वीं में था
मृतक श्रीपाल सिंह ने हाल ही में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और रेवदर कॉलेज में अध्ययन कर रहा था, जबकि छोटा भाई विपुल कक्षा 9 का छात्र था। दोनों की असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया
जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने रविवार सुबह घटना स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, तहसीलदार मंजू देवासी और थानाधिकारी प्रवीण आचार्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।