कोटा। जिले के अयाना थाना क्षेत्र में शादी से ठीक पहले एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दौलतपुर निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र सेन की 1 मई को शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस जांच में मंगेतर की भूमिका संदिग्ध लग रही है।
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र की सगाई मुंगेना गांव निवासी जोधराज सेन की बेटी से हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 27 अप्रैल को लग्न कार्यक्रम होना था। इसी बीच धर्मेंद्र अपनी मंगेतर, ससुर और साले के साथ इटावा खरीदारी करने गया था। खरीदारी के बाद वह अपने साले के साथ बाइक से लौट रहा था।
बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला
रास्ते में गणेशगंज और जलेश्वर महादेव क्षेत्र के बीच अचानक तीन अज्ञात बदमाश बाइक पर आए और उन्होंने धर्मेंद्र को रोककर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे और हमला इतना गंभीर था कि युवक बुरी तरह घायल हो गया।
कोटा मेडिकल कॉलेज किया था रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले इटावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि हमलावरों ने उसकी बाइक छीनने की भी कोशिश की थी, हालांकि वारदात के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मंगेतर को नहीं पसंद था दूल्हा
इस मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि युवक की मंगेतर को यह रिश्ता पसंद नहीं था। पुलिस इस एंगल को गंभीरता से लेते हुए मंगेतर से पूछताछ कर रही है। अयाना थाने के अधिकारियों के मुताबिक पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। महिला पुलिसकर्मियों की टीम मंगेतर से लगातार पूछताछ कर रही है, वहीं दूसरी ओर हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुरानी रंंजिश से इनकार
गौरतलब है कि घटना से पहले आई जानकारी में बताया गया था कि अज्ञात युवकों ने धर्मेंद्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उस समय उसने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया था। अब उसकी मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।