बारां। शहर में शुक्रवार देर रात युवक की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। जहां अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के शिवाजी नगर क्षेत्र स्थित लालबाई चौक में रात करीब 11:30 बजे दो बाइक सवार युवक पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र निवासी मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया और पूरी तरह से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइकसवार बदमाश मौके से फरार हो गए।
यह वीडियो भी देखें :
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
वारदात की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस तरह की वारदात के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
रातों-रात पुलिस ने टीम का किया गठन
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
इधर, हत्या की घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।