बहरोड़ थाना पुलिस की कार्रवाई: 20 माह से फरार मारपीट व लूट के आरोपी को किया गिरफ्तार

कोटपूतली-बहरोड़. जिलेभर में वांछितों के खिलाफ धरपकड़ अभियान के तहत बहरोड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटपाट और मारपीट के मामले में करीब 20 माह से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

ये है मामला
यह मामला 19 जनवरी 2023 का है जब परिवादी ईश्वर सिंह पुत्र फूलाराम गुर्जर (24वर्ष) निवासी झीड़ा की ढाणी थाना हरसौरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सीकर से काम करके बहरोड़ लौट रहा था। इस दौरान ग्राम इस्लामपुर के पास योगी उर्फ योगेश सहित पांच लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल को रोका और हथियारों के दम पर उसके साथ मारपीट की। आरोपी 30,000 रुपए नकद और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस घटना को लेकर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना शालिनी राज के निर्देशन में थानाधिकारी महेश तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता और सूचना संकलन के आधार पर योगी उर्फ योगेश उर्फ योगेंद्र कुमार पुत्र रामनिवास गुर्जर(21वर्ष )निवासी झीढा की ढाणी, थाना हरसोरा को गिरफ्तार किया।

इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल इंद्रजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी से गहनता से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Comment