रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन कोई छेड़े तो छोड़ते भी नहीं

नागौर/मेड़ता। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को मेड़ता में आयोजित राव दूदा प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए वीरता, नारी सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन कोई छेड़े तो छोड़ते भी नहीं है।उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें राव दूदा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बुलाया गया।

उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि यह पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास को न भूली है और न ही कभी भूलेगी।रक्षा मंत्री ने कहा कि राजस्थान की यह धरती उन्हें भाव-विभोर कर देती है। राव दूदा का चरित्र हमें सिखाता है कि नारी सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करना ही सच्ची वीरता है। उन्होंने कहा कि राव दूदा केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि वैष्णव संत और न्यायप्रिय शासक भी थे। उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य उनकी पौत्री ने कृष्ण भक्ति के माध्यम से किया।

मेड़ता में आयोजित राव दूदा प्रतिमा अनावरण समारोह में मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

मीरा महोत्सव के लिए पांच करोड़ रुपए देने का निर्णय

राजनाथ सिंह ने घोषणा की कि केंद्र सरकार ने मेड़ता के मीरा महोत्सव के लिए पांच करोड़ रुपए देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि समाज को सन्मार्ग की ओर ले जाने का काम ही सच्ची राजनीति है। उनकी सरकार ने देश की खोई हुई विरासत को पुनः स्थापित करने और गुमनाम वीरों को सामने लाने का कार्य किया है ताकि युवा पीढ़ी अपने इतिहास से प्रेरणा ले सके।

रक्षा मंत्री ने महिला सम्मान पर दिया जोर

महिला सम्मान पर जोर देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान नहीं होता, वह कभी तरक्की नहीं कर सकता। उनकी सरकार नारी शक्ति को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष ने पहले इसे पारित नहीं होने दिया, लेकिन उनकी सरकार इसके लिए संकल्पबद्ध है। दुनिया की कोई ताकत इस बिल को आने से नहीं रोक सकती और जल्द ही देश की महिलाओं को उनका अधिकार मिलेगा।

यहां घर-घर से जवान निकलते हैं: राजनाथ सिंह

अपने संबोधन में उन्होंने राजस्थान व नागौर की धरती को वीर सैनिकों की भूमि बताते हुए कहा कि यहां घर-घर से जवान निकलते हैं और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। केंद्र सरकार सैनिकों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने वीरता का परिचय दिया है और यदि पाकिस्तान ने फिर कोई हरकत की तो अब तक जो नहीं हुआ, वो होकर रहेगा।

भारत ने आतंकवाद को दिया करारा जवाब

रक्षा मंत्री ने कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन यदि कोई हमें छेड़ता है तो उसे छोड़ते भी नहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी धर्म पूछकर गोली चला रहे हैं, लेकिन भारत ने भी इसका करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो भारत घर में घुसकर जवाब देगा और कोई सीमा या सरहद देश की सुरक्षा में बाधा नहीं बन पाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि संकल्प, समर्पण, साहस, शक्ति और शौर्य ही राव दूदा का वास्तविक अर्थ है। उन्होंने मेड़ता की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को इतिहास और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।