राजस्थान पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 84 एडिशनल SP के हुए ट्रांसफर, यहां देखें पूरी लिस्ट

जयपुर। राजस्थान पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 84 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (एएसपी) के तबादले किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कई जिलों और इकाइयों में लंबे समय से कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सूची में बड़ी संख्या में नवपदोन्नत एएसपी भी शामिल हैं।

जारी तबादला सूची के अनुसार निशांत भारद्वाज को आयोजन आधुनिकीकरण एवं विकास शाखा, पुलिस मुख्यालय जयपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पाली लगाया गया है। वहीं दीपक कुमार को अजमेर ग्रामीण से अलवर शहर भेजा गया है। डॉ. लालचंद कायल को लीव रिजर्व सतर्कता जयपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजमेर ग्रामीण की जिम्मेदारी दी गई है।

शंकर लाल मीणा की दौसा में तैनाती

इसी तरह शंकर लाल मीणा को महिला अपराध अनुसंधान सेल भरतपुर से दौसा, जबकि अतुल साहू को एएसपी भिवाड़ी से आयोजन आधुनिकीकरण एवं विकास शाखा पुलिस मुख्यालय जयपुर में लगाया गया है। श्रीमन लाल मीणा को पुलिस आयुक्तालय जयपुर से भिवाड़ी भेजा गया है।

संदीप सारस्वत को एसीबी जयपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हाईवे यातायात जयपुर ग्रामीण लगाया गया है। नरेंद्र चौधरी को जोधपुर पुलिस आयुक्तालय से अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर कोटा भेजा गया है। वहीं राजेश चौधरी को बाड़ा जिले से हटाकर आरएसी की 9वीं बटालियन टोंक में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है।

कमल कुमार जांगिड़ को बाड़ी, जिला धौलपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां लगाया गया है। इसके अलावा आदेश में कई अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।

यहां देखें एएसपी ट्रांसफर की लिस्ट:

पूर्व तबादला आदेशों में संशोधन

सरकार ने आदेश में कुछ पूर्व तबादला आदेशों में संशोधन भी किया है। हिमांशु सिंह को सिविल राइट्स पुलिस मुख्यालय जयपुर से अनुसंधान सेल बारां लगाया गया है। वहीं यशपाल त्रिवेदी को अलवर में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हाल में 52 डीएसपी के हुए थे ट्रांसफर

इसके पहले 29 अप्रेल को पुलिस महानिदेशालय की तरफ से आदेश जारी करके निरीक्षक से उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद पर पदोन्नत हुए 52 अधिकारियों को नई नियुक्तियां दी गई थी। अब एएसपी रैंक के 84 अधिकारियों का तबादला हुआ है।