बिजली के पोल गिरने से शहर के कई मार्ग बंद, वाहन घंटों फंसे
अलवर. शहर में दोपहर के समय अचानक आए तेज अंधड़ ने भारी तबाही मचाई। भवानी तोप से शांति कुंज और एफसीआई गोदाम के पास सहित कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण विशालकाय पेड़ और बिजली के पोल गिर गए।
एफसीआई गोदाम के पास एक पोल और पेड़ गिरने से सडक़ दोनों तरफ से बंद हो गई, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालक सडक़ किनारे खेत से मार्ग बनाकर अपने वाहनों को निकालते नजर आए। कच्ची जमीन में धसने का डर होने के कारण भारी वाहन वहीं रुके रहे। प्रशासन द्वारा सडक़ पर लगे अवरोध हटाने का इंतजार करते हुए वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे। इस अंधड़ ने शहर के जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित किया और कई मार्गों पर यातायात ठप हो गया। जिले में गुरुवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह तेज धूप और उमस रही, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई इलाकों में ओले भी पड़े। करीब 50 किमी की रफ्तार से चली हवा के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए। मंगल विहार में रोड किनारे खड़ी बस पर पेड़ गिर गया।
कई इलाकों में बारिश, गिरे ओले: अंधड़ के बाद जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। राजगढ़, टहला, थानागाजी और सकट क्षेत्र में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। सकट और टहला में बेर के आकार के ओले भी गिरे। करीब दस मिनट तक हुई तेज बारिश से सडक़ों पर पानी भर गया।