बैंकाक से आई महिला साथ लाई 22 करोड़ की कोकीन, जयपुर एयरपोर्ट पर स्कैनर से खुला तस्करी का राज

Jaipur Airport Cocaine Seizure: जयपुर एयरपोर्ट पर DRI ने मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एयरपोर्ट पर डीआरआइ ने बैंकाक से आई एक महिला पैसेंजर को पकड़ा है जिसके पास से 4.556 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 22.78 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई गई है। घटना बीते 5 मई की है वहीं पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद अब आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।

ट्रॉली बैग में छिपाई, स्कैनर ने पकड़ी

बताया जा रहा है कि DRI की टीम ने जयपुर एयरपोर्ट पर 5 मई को बैंकाक से आ रही फ्लाइट संख्या FD-130 से महिला यात्री के पास कोकीन बरामद की। DRI टीम को इसकी पहले से मिली खुफिया सूचना के आधार पर महिला के ट्रॉली बैग की स्कैनिंग में बैग के तले में 4.556 किलोग्राम कोकीन छिपी होने की पुष्टि हुई। महिला पैसेंजर ने पहले तो कोकीन उसकी होने से साफ इनकार कर दिया लेकिन डीआरआइ की कड़ी पूछताछ में महिला ने कोकीन की तस्करी करना स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि इसके बदले उसे मोटी रकम देने का वादा किया गया था।

22.78 करोड़ की बरामदगी से हड़कंप

मिली जानकारी के अनुसार, DRI अधिकारियों को विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर बीते 5 मई को बैंकाक से आई महिला के पास से कोकीन बरामद की गई। महिला के पास से 4.556 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 22.78 करोड़ रुपए आंकी गई है। कोकीन की बड़ी खेप बरामद होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सोने के बाद ड्रग्स की तस्करी ने खड़े किए सवाल

बीते लंबे समय के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर मादक पदार्थ की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक सोने की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं लेकिन लंबे समय बाद इतनी ज्यादा मात्रा में कोकीन की बरामदगी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क से जुड़े लोगों को चिन्हित कर उन्हे पकड़ने की कार्रवाई तेज कर ​दी है। कोकीन बरामदगी के बाद उसे महिला यात्री को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) जयपुर द्वारा गिरफ्तार करके बुधवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।