Milk Price Hike: बढ़ गए दूध के दाम, राजस्थान में इतने रुपए महंगा हुआ सरस डेयरी का स्टैंडर्ड दूध

Saras Dairy Standard Milk New Price: राजस्थान में दूध उपभोक्ताओं को अब ज्यादा रुपए चुकाने होंगे। सरस डेयरी ने स्टैंडर्ड दूध के दामों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। यह नई कीमतें गुरुवार की शाम से लागू हो जाएंगी। वहीं एनसीआर क्षेत्र में ये बढ़े हुए दाम 8 मई से लागू किए जाएंगे।

अब कितनी होगी नई कीमत

नई दरों के अनुसार अब स्टैंडर्ड दूध के आधा लीटर पैक की कीमत 32 रुपए हो गई है। एक लीटर का पैक 64 रुपए में मिलेगा। वहीं 6 लीटर के पैक की कीमत अब 384 रुपए तय की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद रोजाना दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं के बजट पर असर पड़ेगा।

डेयरी ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

सरस डेयरी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अगर कोई विक्रेता तय एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूलता है तो इसकी शिकायत तुरंत की जाए। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9001097856 जारी किया गया है, जिस पर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। दूध की कीमत बढ़ने से आम परिवारों के मासिक खर्च पर असर पड़ना तय है।

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण बढ़ी सांगरी की कीमत

राज्य वृक्ष खेजड़ी पर इस समय सांगरी की अच्छी आवक देखने को मिल रही है। ग्रामीण खेजड़ी के पेड़ों से सांगरी तोड़कर बाजार में बिक्री के लिए ला रहे हैं और इसका उपयोग घरों में सब्जी और अचार बनाने में भी किया जा रहा है। परंपरागत तरीके से कच्ची सांगरी को साफ कर उबाला जाता है और फिर सुखाकर लंबे समय तक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाता है।

इन दिनों बाजार में हरी सांगरी 200 से 250 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि सूखी सांगरी की कीमत 2000 से 2500 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। सांगरी तोड़ने का काम भी काफी कठिन होता है क्योंकि खेजड़ी के कांटे हाथों में चुभ जाते हैं। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण इस साल उत्पादन कम रहा है, जिससे कीमतों में तेजी देखी जा रही है। प्राकृतिक और बिना मिलावट होने के कारण सांगरी की मांग लगातार बनी हुई है।