Bharatpur Crime : मैरिज होम से 12 लाख रुपए के आभूषण चोरी, सीसीटीवी फुटेज में दिखा नाबालिग, मचा हंगामा

Bharatpur Crime : भरतपुर के चिकसाना थाने इलाके में एक मैरिज होम से बुधवार दोपहर शादी समारोह के दौरान करीब 12 लाख रुपए के आभूषण चोरी हो गए। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक नाबालिग आभूषणों से भरे बैग को चोरी कर ले जाते दिख रहा है। घटना को लेकर पीड़ित वधू पक्ष ने चिकसाना थाने में मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को ज्वाला रिसोर्ट में अनिल निवासी दौसा बेटी की शादी सचिन खंडेलवाल निवासी भरतपुर के साथ करने आए थे। दोपहर 12.20 बजे एक नाबालिग कमरे के अंदर रखे आभूषणों से भरे बैग को चोरी कर ले गया। बैग में करीब डेढ़-दो लाख रुपए नकद भी रखे हुए थे। जब पीड़ित पक्ष को बैग कमरे में नहीं मिला तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में नाबालिग बैग चोरी कर ले जाता दिखाई दिया।

घटना की सूचना चिकसाना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़ित पक्ष से परिवाद लिया है। साथ ही पीड़ित पक्ष ने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी को गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की है। वहीं पुलिस के हाथ अभी तक चोरी को लेकर कोई सुराग नहीं लग पाया है।

हाईवे पर रिसोर्टों में सुरक्षा ताक पर

शहर से सटे आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित रिसोर्टों में सुरक्षा व्यवस्था ताक पर रखी जा रही है। यही कारण है कि हर साल यहां चोरी की घटना सामने आती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की जाती है। ऐसे में गिरोह आसानी से मैरिज गार्डनों में चोरी की वारदात कर निकल जाते हैं।

बताते हैं कि हाईवे के मैरिज गार्डनों में शादियों के दौरान बाबरिया गिरोह भी नाबालिगों के माध्यम से चोरी करवाता रहा है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच करने में जुटी है।

पहले भी हो चुकी हैं वारदातें

1- नवंबर 2025 में अटलबंद थाना क्षेत्र के आदित्य रिसोर्ट में एक शादी समारोह के दौरान भांजी की शादी में आए मामा का बैग चोरी हो गया, जिसमें 6.81 लाख नकद, सोने की झुमकी और चांदी की चुटकी थी।
2- मई 2023 में सिद्धेश रिसोर्ट में सगाई समारोह के दौरान 10 लाख नकद और 40 लाख के जेवरात से भरा बैग अज्ञात चोर लेकर चंपत हो गए। हैरान करने वाली बात यह थी कि जब चोरी हुई, तो रिसॉर्ट के सीसीटीवी कैमरे बंद थे।
3- नवंबर 2019 को स्टेशन रोड स्थित मुरली प्लाजा में बारात के दौरान, वधू पक्ष को देने के लिए लाए गए 2 दुल्हनों के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया था।