नैनवां. वाटर कूलर से पानी नहीं आता, छाया के लिए यात्री प्रतीक्षालय में घुसते तो गंदगी का अंबार देख यात्रियों को बैठने को जगह गंदी देख वापस लौटना पड़ रहा है। बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए दोनों सुविधाएं तो बनी हुई है, लेकिन काम की नही है। विश्रांति शहर के बस स्टेंड लगा वाटर कूलर बंद पड़ा है तो यात्री विश्राम स्थल पर गंदगी हो रही है, जिसके चलते भीषण गर्मी में भी यात्रियों को पीने को न ठंडा पानी मिल रहा है और न ही बैठने के लिए छाया। जबकि रोजाना बूंदी, कोटा, जयपुर, टोंक, सवाईमाधोपुर मार्ग पर चलने वाली पचास बसों का ठहराव हो रहा है।
यात्रियों के लिए ठंडे पानी की सुविधा के लिए नगरपालिका ने वाटर कूलर तो लगा रखा है, लेकिन वाटर कूलर कई दिनों से बंद पड़ा। बस स्टैंड पर रोजाना सैकड़ों यात्रियों की आवाजाही रहती है, लेकिन उनको पीने के लिए ठंडा पानी नही मिलता। बस स्टैंड पर प्याऊ तो बनी हुई है, जिसकी टंकी में टैंकर से पानी डाला जाता है। पानी में खारापन होने से यात्री पी नही पाते। यात्रियों को पीने के लिए पानी की बोतलें खरीदनी पड़ती है।
यात्रियों के लिए छाया के लिए प्रतीक्षालय तो बना हुआ है, लेकिन प्रतीक्षालय की सफाई नहीं करने से कूड़ा-करकट फैला रहता है, जिससे यात्री प्रतीक्षालय में बैठ नहीं पाते। यात्रियों को धूप में खड़े रहकर ही बसों का इंतजार करना पड़ता है।
इतनी बसों की आवाजाही
नैनवां बस स्टैंड पर प्रतिदिन जयपुर व टोंक के लिए 20 बसे, कोटा व झालावाड़ के लिए दस बसें, बूंदी के लिए 10 बसे, सवाईमाधोपुर व ङ्क्षहडोली के लिए दो-दो बसें टोंक, जो उनियारा, केशवरायपाटन, बांसी, गोठड़ा होकर आती जाती है। साथ ही एक दर्जन मार्गो पर चलने वाली निजी बसों का ठहराव भी बस स्टैंड पर ही होता है। बसों के इंतजार में यात्रियों के बैठने के लिए पुराना यात्री प्रतीक्षालय है, जिसकी बेंचे व दीवारें गंदी हो रही है। चारों तरफ अतिक्रमण हो रहा है। सुविधा घर भी बदहाल हो रहा है।
सफाई कराएंगे
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी बृजभूषण शर्मा का कहना है कि बंद पड़े वाटर कूलर को चालू करवाया जाएगा। यात्री प्रतीक्षालय की भी सफाई कराई जाएगी।