IMD Forecast: आज देर रात आएगी 70 किमी. प्रतिघंटे की रफतार से आंधी, ओलावृष्टि की संभावना, अलर्ट रहें

Heatwave Alert in Rajasthan: जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने 27 अप्रैल 2026 को जारी नाउकास्ट चेतावनी-07 में राजस्थान के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। चेतावनी के अनुसार दौसा, अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर व करौलीऔर आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के दौरान मेघगर्जन के साथ मध्यम वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाएं (50-70 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

वहीं चूरू, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ व नागौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की वर्षा, आकाशीय बिजली और धूलभरी हवाएं (20-40 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चेताया है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने से कमजोर संरचनाओं, पेड़ों और बिजली लाइनों को नुकसान हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

आज सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Weather Update: जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर, कोटा, चित्तौड़गढ़, फलोदी और बीकानेर सहित कई शहरों में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रहा, जिससे आमजन को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ा। दिनभर हवा शुष्क रही और आर्द्रता का स्तर 10 से 30 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। खासकर उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 44-45 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

हालांकि 27 अप्रैल से 1 मई के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।