Water Crisis: ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट से निपटने के लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) के अधिकारियों को दो महीने तक अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए विभाग पूरी तैयारी के साथ काम करे।
बैठक में उन्होंने कहा कि जलापूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और हर क्षेत्र में पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पंचशील नगर, विकासपुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, शास्त्री नगर, शिव नगर, वरुण सागर रोड, काजीपुरा, नृसिंहपुरा, दयानंद कॉलोनी, गणपति नगर और पुष्कर रोड सहित कई इलाकों में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतें किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएंगी और तय समय में जल वितरण अनिवार्य रूप से हो।
विधानसभा अध्यक्ष ने समर कंटिन्जेंसी प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने हैंडपंप, ट्यूबवेल, पाइपलाइन इंटरकनेक्शन और आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में शामिल ग्रामीण इलाकों के लिए डीपीआर तैयार करने और बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अजमेर और केकड़ी में बर्स्ट ट्रांसफर सिस्टम तथा बल्क मीटर लगाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
इसके अलावा, नई पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर भी उन्होंने सख्ती दिखाई। वैशाली नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी और पंचशील नगर सहित कई क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधा देने के नाम पर असुविधा स्वीकार नहीं होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए कहा कि दो दिनों के भीतर समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रावत नगर, मिलिट्री स्कूल, ईदगाह और माकड़वाली ग्राम में बनी नई पानी की टंकियों को जल्द चालू करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।