Rajasthan News: जयपुर में नितिन नवीन का जोरदार स्वागत, बोले- पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराना है

Nitin Naveen Jaipur visit : जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को राजस्थान दौरे पर रहे। अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा था। इस दौरान उन्होंने टोंक में सभा को सम्बोधित किया। जयपुर आने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। एयरपोर्ट पर 101 किलो की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके अलावा कहीं जेसीबी से फूल बरसाए गए तो कहीं हाथियों से फूल वर्षा करवाई गई। तेज गर्मी के बीच बड़ी संख्या में नितिन नवीन का स्वागत करने के लिए कार्यकर्ता डटे रहे।

इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहराना है और आगामी पंचायत व निकाय चुनावों में भी भाजपा को जीत दिलानी है। उन्होंने जयपुर को गुलाबी शहर बताते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं का उत्साह अभूतपूर्व है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भी भाजपा का भगवा लहराएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 45 डिग्री तापमान और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं, यह पार्टी की ताकत है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि इस बार प्रदेश में 5 साल भाजपा 5 साल कांग्रेस का मिथक टूटेगा। नवीन ने ओटीएस में प्रस्तावित एग्रीटेक मीट के तहत ग्राम रथ अभियान की शुरुआत की। शाम करीब छह बजे नितिन नवीन भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इसके बाद बैठकों में व्यस्त हो गए। देर रात तक बैठकों का दौर जारी था।

दो हेलीकॉप्टर किए, एक खराब

जयपुर से टोंक जाने के लिए भाजपा की ओर से दो हेलीकॉप्टर किए गए थे। इसमें से एक ऐनमौके पर खराब होने के चलते नेताओं को एक ही हेलीकॉप्टर से टोंक जाना पड़ा। ज्यादा लोग होने के चलते पहले संगठन के नेताओं को जयपुर से टोंक भेजा गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर वापस आया, जिसमें भाजपा अध्यक्ष और सीएम गए। इस चक्कर में टोंक के कार्यक्रम मे देरी हो गई। यह देरी जयपुर में होने वाले कार्यक्रमों में भी नजर आई।