जैतारण। जैतारण-निंबोल मार्ग पर गांव रामावास कलां से पहले ईंट भट्टे के पास बाइक पर जैतारण से रामावास कलां जा रहे दो युवकों को सामने से आए सीमेंट से लदे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक भुण्डाराम बावरी उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह वीडियो भी देखें
सीमेंट से भरा था ट्रेलर
जैतारण थाना प्रभारी धोलाराम परिहार ने बताया कि गांव बलूंदा से एक दूल्हे की बारात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 458 से रामावास कलां जाने के लिए सड़क मोड़ से होकर गुजर रही थी। बारात के पीछे कुछ लोग उसी शादी में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इनमें एक बाइक पर बलूंदा निवासी मुकेश पुत्र ओगडराम बावरी और भुण्डाराम पुत्र जवानराम सवार थे। जैसे ही वे ईंट भट्टे के पास पहुंचे, सामने से तेज गति में आए सीमेंट से भरे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बाइक को घसीटता हुआ ले गया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान बाइक चालक मुकेश कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा भुण्डाराम उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीछे आ रहे बारातियों और अन्य लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को संभाला और उसे जैतारण के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
एक घायल जोधपुर रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद भुण्डाराम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। उधर, मृतक मुकेश के शव का जैतारण के राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद जहां शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
वहीं दूसरी ओर मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के गुड़ा मोकमसिंह के पास हुए एक अन्य सड़क हादसे में भी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कादू गांव निवासी मनीष पुत्र हेमाराम सीरवी अपनी मौसी संतोष पत्नी सुरेंद्र और उनकी बेटी किंजल को बाइक पर बैठाकर जोजावर गया था। वापस लौटते समय गुड़ा मोकमसिंह के पास एक कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि संतोष और किंजल को भी चोटें आईं। तीनों को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से मनीष को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।