प्रदर्शन के बाद श्रमिकों की मांग मानी, वेतन में हुई वृद्धि

भिवाड़ी. उद्योग क्षेत्र में बुधवार को श्रमिकों ने वेतन वृद्धि के लिए प्रदर्शन किया। शाम तक प्रबंधन ने श्रमिकों की मांगों को मान लिया और प्रदर्शन समाप्त हो गया। पथरेड़ी और खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सुबह फैक्टरी गेट के बाहर श्रमिक एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने लगे। खुशखेड़ा में फैक्टरी प्रबंधन ने प्रशासन के सहयोग और श्रमिकों से समझायश के बाद प्रदर्शन को जल्दी ही समाप्त करा लिया। प्रबंधन ने श्रमिकों की मांगों को मान लिया, जिसके बाद श्रमिकों ने प्रदर्शन बंद कर काम करना शुरू कर दिया। जबकि पथरेड़ी स्थित मदरसन कंपनी के बाद सुबह से दोपहर तक प्रदर्शन चलता रहा। श्रमिकों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी तैनात रहा। पथरेड़ी में दोपहर बाद प्रबंधन ने श्रमिकों की मांगों को मान लिया जिसके बाद प्रदर्शनकारी वापस चले गए। जानकारी के अनुसार प्रबंधन ने न्यूनतम वेतन 15221 करने, ओवरटाइम का 75 रुपए घंटा देने सहित अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन दिया है।