भिवाड़ी. भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआइआइए) ने औद्योगिक क्षेत्र में शांति, समन्वय और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को बैठक का आयोजन किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीएम अग्रवाल ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एएसपी अतुल साहू, एसडीएम लखन सिंह गुर्जर, उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा, डीएसपी कैलाश चौधरी उपस्थित रहे। औद्योगिक इकाइयों से करीब 90 प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। एएसपी अतुल साहू ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सतर्क रहने और सरकारी आदेशों को प्रमाणिक मानने का आह्वान किया। उन्होंने श्रमिकों-प्रबंधन के बीच निरंतर संवाद तथा प्रशासन की निष्पक्ष निर्णय लेने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। एसडीएम लखन सिंह गुर्जर ने उद्योगों की ओर से न्यूनतम वेतन से अधिक भुगतान की सराहना करते हुए औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।
उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा ने कर्मचारी हितों की सुरक्षा हेतु पहल करने, नियमित समूह बैठकों और श्रमिकों से रचनात्मक संवाद बनाए रखने की सलाह दी। डीएसपी कैलाश चौधरी ने कानून-व्यवस्था हेतु उद्योगों-प्रशासन के बीच सतत समन्वय पर बल देते हुए संभावित विवादों की सूचना तत्काल देने का आग्रह किया।बैठक में फैक्ट्री गेट पर सुरक्षा सुदृढ़ करने, अफवाहों से दूर रहने, श्रमिकों से नियमित संवाद, संभावित विवाद की सूचना तुरंत संबंधित प्राधिकरण को देने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। संयोजक बीआईआईए की ओर से सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया और औद्योगिक शांति व सतत विकास हेतु सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।