बड़ी कार्रवाई : एमपी-राजस्थान बॉर्डर पर पकड़ा 227 किलो गांजा, कीमत 1.14 करोड़ रुपए

जयपुर। पुलिस मुख्यालय की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) व नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने मध्यप्रदेश-राजस्थान बॉर्डर पर चित्तौड़गढ़ के ओछड़ी टोल नाका पर एक ट्रक में 227 किलो गांजा पकड़ा। जब्त किए गांजा की कीमत 1.14 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि गंगरार निवासी ट्रक चालक श्यामलाल शर्मा को रविवार देर रात गिरफ्तार किया है।

आरोपी चालक नर्सरी के पौधे व सरसों के कट्टों की आड़ में विशाखापट्टनम से गांजा भरकर लाया था और उसे चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा व पुष्कर में सप्लाई करनी थी। चालक 1600 किलोमीटर बिना रुके ट्रक को चलाकर लाया था। एजीटीएफ टीम को एक माह पहले विशाखापट्टनम से भारी मात्रा में गांजा राजस्थान में सप्लाई होने की सूचना मिली थी। तभी से टीम मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रखे हुए थे। आरोपी श्यामलाल रतलाम पहुंच गया, तब एजीटीएफ टीम ने उसका पीछा किया।

यह भी पढ़ें: बच्चे की किडनी की फर्जी रिपोर्ट दिखाकर 1.80 करोड़ की धोखाधड़ी, 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान सीमा से पहले रोक लिया ट्रक

एडीजी एमएन ने बताया कि आरोपी श्यामलाल ने राजस्थान बॉर्डर में प्रवेश करने से पहले ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और अंधेरा होने का इंतजार किया। तब पीछा करने वाली टीम ने चित्तौड़गढ़ नारकोटिक्स ब्यूरो को सूचना दी। आरोपी रात को ओछड़ी टोल नाका पर पहुंचा, तभी एजीटीएफ टीम व नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने उसको पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर 5 किलो 500 ग्राम गांजा के पैकेट बने मिले।

यह भी पढ़ें: विधानसभा अध्यक्ष देवनानी के कार्यक्रम में पहुंचा हिस्ट्रीशीटर, वीडियो हुआ वायरल तो मचा हड़कंप

Leave a Comment