Chomu: सरकारी नौकरी का पहला दिन बना जिंदगी का आखिरी दिन, पति के साथ ज्वाइनिंग के लिए जा रही पत्नी की दर्दनाक मौत

ANM Died In Road Accident: पहले दिन एएनएम की नौकरी ज्वॉइन करने की खुशी चेहरे पर थी, सपनों से भरी आंखों में भविष्य की चमक थी, लेकिन किस्मत ने ऐसा क्रूर मोड़ लिया कि सामोद थाना क्षेत्र के चौमूं-अजीतगढ़ स्टेट हाईवे पर बंदोल गांव में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर वह मुस्कान हमेशा के लिए थम गई।

पति के साथ बाइक पर बैठकर नई शुरुआत की ओर बढ़ रही युवती का सफर मौत की मंजिल पर जाकर खत्म हो गया। हादसे में पति भी घायल हो गया। सूचना पर सामोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से शव को चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घायल पति का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके से चालक फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि पति बंशीधर खूंटेटा ने ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाकर टक्कर मारने का मामला दर्ज कराया है।

सामोद थाने में तैनात एएसआई सांवरमल ने बताया कि खेड़ी लोहरवाड़ा (जोबनेर) निवासी आशा खूंटेटा (37) अपने पति बंशीधर खूंटेटा के साथ एएनएम (महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ) के पद पर नियुक्ति पाने के लिए बाइक से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमरसर जा रही थी।

सामोद के बंदोल में सुबह करीब आठ बजे वहां गति अवरोधक पर बाइक की रफ्तार को धीमा किया गया तो। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों नीचे गिर गए और ट्रेलर ने आशा को कुचल दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका पति बंशीधर उछलकर सड़क से दूर गिर जाने के कारण गंभीर चोटें नहीं आईं।

नियुक्ति का सपना रह गया अधूरा

आशा देवी खूंटेटा एएनएम पद पर चयनित होने के बाद पहली बार जॉइनिंग के लिए अमरसर सीएचसी जा रही थी। परिवार में भी खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतका के गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची शोक की लहर दौड़ गई।

ब्रेकर बने जानलेवा

चौमूं-अजीतगढ़ स्टेट हाईवे पर करीब 40 किलोमीटर के दायरे में 40 से अधिक गति अवरोधक बने हुए हैं, जिनमें से अधिकांश पर सफेद पट्टियां नहीं हैं। ऐसे में वाहन चालकों को ब्रेकर नजर नहीं आते और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। बंदौल में भी यही स्थिति हादसे का कारण बनी।

चालक मौका देख भागा, ट्रेलर जब्त

इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेलर चालक वाहन को मौके से तेज गति से भगाकर ले जाने लगा, लेकिन मौके पर जमा लोगों ने उसका पीछा कर पुलिस थाने के पास पकड़ लिया, लेकिन ट्रेलर चालक मौका देखकर वाहन को थाने के सामने छोड़कर भाग छूटा। इस दौरान पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।