Best Summer 2026 Destinations in Rajasthan: गर्मी के मौसम में हर कोई किसी ठंडी जगह पर जाने की प्लानिंग करता है। जब बात ठंडी जगहों की आती है, तो अमूमन लोगों के दिमाग में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड या कश्मीर का नाम आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपने महलों, किलों और तपते रेगिस्तान के लिए मशहूर राजस्थान में भी कुछ ऐसी जगहें हैं, जो तेज गर्मी में भी आपको शिमला-मनाली जैसी ठंडक और सुहाने मौसम का एहसास करा सकती हैं।
राजस्थान को भले ही देश के सबसे गर्म राज्यों में गिना जाता है और गर्मियों में यहां का तापमान काफी बढ़ जाता है। लेकिन समृद्ध विरासत से घिरे इस राज्य में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां पानी की लहरें और पहाड़ियों की ठंडी हवाएं आपको सुकून देंगी।
अगर आप भी इस समर सीजन में अपनी फैमिली के साथ किसी बेहतरीन ट्रिप पर जाने का मन बना रहे हैं, तो राजस्थान की इन छह जगहों की सैर जरूर करें। आइए जानते हैं इन ठंडी और खूबसूरत जगहों के बारे में…
नक्की झील, माउंट आबू
माउंट आबू राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है। इसलिए गर्मियों में यहां पर्यटकों का तांता लगा रहता है। समुद्र तल से करीब 1200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट आबू की नक्की झील यहां का सबसे बड़ा आकर्षण है।
यह झील पूरी तरह से हरी-भरी पहाड़ियों और अजीबो-गरीब चट्टानों से घिरी हुई है। शहर की भागदौड़ से दूर यह जगह बेहद शांत और ठंडी रहती है।
नक्की झील के पास एक बेहद खूबसूरत बगीचा है, जहां आप अपनी फैमिली के साथ पिकनिक मना सकते हैं। यहां आप राजस्थानी पारंपरिक पोशाक पहनकर तस्वीरें खिंचवा सकते हैं।
झील में पेडल बोट और रोइंग बोट का मजा लिया जा सकता है। शाम के समय झील के किनारे टहलना और स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना एक बेहतरीन अनुभव होता है।
पिछोला झील, उदयपुर
उदयपुर को ‘झीलों का शहर’ भी कहा जाता है। चारों तरफ से अरावली की खूबसूरत पहाड़ियों और झीलों से घिरा है। गर्मियों के मौसम में राहत पाने के लिए उदयपुर की पिछोला झील सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है।
पिछोला झील के बीचों-बीच चार खूबसूरत द्वीप स्थित हैं- जग निवास, जग मंदिर, मोहन मंदिर और अर्सी विलास। जग निवास और जग मंदिर में बने आलीशान महल झील की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं।
शाम के समय जब सूरज ढल रहा हो, तब पिछोला झील में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। पहाड़ियों के पीछे छिपते सूरज की किरणें और पानी से उठने वाली ठंडी हवाएं आपको गर्मी में भी तरो-ताजा कर देंगी। इसके अलावा आप यहां के घाटों पर बैठकर सुकून के पल बिता सकते हैं।
सनसेट पॉइंट, माउंट आबू
माउंट आबू में नक्की झील के अलावा जो जगह सबसे ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित करती है, वह है यहां का सनसेट पॉइंट। गर्मियों के दिनों में जब मैदानी इलाकों में लू चल रही होती है, तब माउंट आबू के इस पॉइंट पर ठंडी हवा के झोंके आपको सराबोर कर देते हैं।
अरावली की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित इस पॉइंट से ढलते हुए सूरज का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। जैसे-जैसे सूरज नीचे जाता है, आसमान के बदलते रंग और चारों तरफ फैली हरियाली आंखों को बेहद सुकून देती हैं।
इस जगह का पूरा लुत्फ उठाने के लिए आप माउंट आबू में किसी ऐसे रिजॉर्ट या होटल को बुक कर सकते हैं, जहां से पहाड़ियों और सूर्यास्त का सीधा नजारा दिखता हो। शाम के समय यहां सैलानियों की अच्छी-खासी भीड़ जुटती है।
सिलीसेर झील, अलवर
अगर आप दिल्ली-एनसीआर या जयपुर के आसपास रहते हैं और वीकेंड पर किसी शांत, ठंडी और खूबसूरत जगह पर जाना चाहते हैं, तो अलवर की सिलीसेर झील सबसे बेस्ट ऑप्शन है। यह झील अरावली की पहाड़ियों के बीच बसी हुई है और प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग जैसी लगती है।
इस झील के किनारे स्थित ‘सिलीसेर पैलेस’ अब एक हेरिटेज होटल में तब्दील हो चुका है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म करन-अर्जुन के कई दृश्यों की शूटिंग इसी खूबसूरत लोकेशन पर की गई थी।
सिलीसेर झील के शांत पानी में आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। झील के किनारे बने कैफे में बैठकर चाय या कॉफी की चुस्कियां लेते हुए अलवर की वादियों को निहारना आपकी गर्मियों की थकान को पल भर में दूर कर देगा।
केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान, भरतपुर
यदि आप प्रकृति और वन्यजीवों से प्यार करते हैं, तो भरतपुर का केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान आपके लिए एक बढ़िया जगह है। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल में शामिल है और अपनी अद्भुत जैव विविधता के लिए मशहूर है।
यह राष्ट्रीय उद्यान हजारों की संख्या में दुर्लभ और विलुप्तप्राय पक्षियों का घर है। गर्मियों में भले ही यहां थोड़ी धूप हो, लेकिन उद्यान के घने पेड़, विशाल जल निकाय और हरियाली वातावरण को ठंडा और सुकून देने वाला बनाते हैं। यहां आपको देशी पक्षियों के साथ-साथ कई प्रवासी पक्षी, सियार (गीदड़), नीलगाय, कछुए और हिरण आसानी से देखने को मिल जाएंगे।
इस पूरे पार्क को अच्छे से घूमने के लिए करीब 6 से 8 घंटे का समय लगेगा। पार्क के अंदर आप साइकिल किराए पर ले सकते हैं या फिर रिक्शा सफारी का आनंद ले सकते हैं। यहां रिक्शा चालक ही आपके गाइड की भूमिका निभाते हैं। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।
फतेह सागर झील, उदयपुर
उदयपुर की एक और बेहद लोकप्रिय और खूबसूरत जगह है फतेह सागर झील। यह कृत्रिम झील तीन तरफ से पहाड़ियों से घिरी हुई है, जिसके कारण यहां का माहौल हमेशा खुशनुमा और हवा ठंडी रहती है। यदि आप उदयपुर जा रहे हैं, तो फतेह सागर झील जरूर घूमने जाएं।
इस झील के भीतर तीन छोटे द्वीप हैं। इनमें से एक द्वीप पर ‘नेहरू पार्क’ विकसित किया गया है, जिसमें एक छोटा चिड़ियाघर और रेस्टोरेंट भी है। दूसरे द्वीप पर एक सार्वजनिक पार्क और पानी का फव्वारा है, जबकि तीसरे द्वीप पर उदयपुर सौर वेधशाला स्थित है।
फतेह सागर झील के किनारे पर आपको बेहतरीन स्ट्रीट फूड स्टॉल्स मिल जाएंगे, जहां आप कोल्ड कॉफी और चाट का मजा ले सकते हैं। यहां आप वाटर एडवेंचर राइड्स, स्पीड बोटिंग और ऊंट की सवारी का आनंद भी ले सकते हैं। इसके अलावा, समय-समय पर यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और फूलों की प्रदर्शनियों को देखना भी एक अच्छा अनुभव होता है।
फैमिली ट्रिप के लिए कुछ जरूरी टिप्स
माउंट आबू और उदयपुर गर्मियों में काफी लोकप्रिय रहते हैं, इसलिए होटल और रिसॉर्ट की बुकिंग पहले से ही करा लें।
इन सभी जगहों पर दोपहर के बजाय सुबह जल्दी या शाम के 4 बजे के बाद घूमने निकलें, ताकि आप ठंडे मौसम का असली मजा ले सकें।
सूती और आरामदायक कपड़े पहनें और अपने साथ सनस्क्रीन, चश्मा और पानी की बोतल हमेशा साथ रखें।