सीकर। चिड़ावा-शाहपुरा फोरलेन परियोजना को लेकर शहर में अतिक्रमणों पर अब जल्द प्रशासन का पीला पंजा चल सकता है। प्रशासन ने अब धारा 91 के तहत कार्रवाई की तैयारियां तेज कर दी है। इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक भी हो चुकी है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले पीडब्ल्यूडी की ओर से चिन्हित अतिक्रमियों को राजस्व विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे।
सुनवाई प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेदखली की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई में राजस्व विभाग के साथ पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की संयुक्त टीम भी सहयोग करेगी। पूरी व्यवस्था तहसीलदार के नेतृत्व में संचालित की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक करीब 180 चिन्हित अतिक्रमणकारियों को शुक्रवार से नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण से जुड़ी परिवेदनाओं और आपत्तियों की सुनवाई का अवसर भी दिया जाएगा, ताकि प्रभावित लोग प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रख सकें।
80 फीट रोड की अधिग्रहित भूमि से हटेगा अतिक्रमण
बताया जा रहा है कि प्रशासन 80 फीट रोड की अधिग्रहित भूमि से अतिक्रमण हटाकर जमीन खाली करवाने की तैयारी में है। इधर, खेतड़ी रोड क्षेत्र में कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा लिए थे, लेकिन शाहपुरा रोड पर अब तक कार्रवाई शुरू नहीं होने से लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। इसी विरोध के चलते खेतड़ी रोड क्षेत्र में भी लोगों ने फिलहाल अतिक्रमण हटाने का कार्य रोक दिया है। अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर शहरवासियों की नजरें टिकी हुई है। एसडीएम राजवीर यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रक्रिया के तहत की जा रही है और इसमें किसी प्रकार का पक्षपात नहीं होने दिया जाएगा। इधर, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन मंगलचंद ने कहा कि अधिग्रहित भूमि को खाली करवाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
10 करोड़ की लागत से बनेगी साढ़े तीन किमी सड़क
इधर, फतेहपुर क्षेत्र के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। कस्बे के मुख्य सड़कों में से एक चूरू रोड़ के अब अच्छे दिन आने वाले हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की ओर से कई वर्षों से क्षतिग्रस्त होकर बदहाल हुई इस सड़क का पुननिर्माण शुरू कर दिया गया है। करीब दस करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क का कार्य चार महीने में पूरा होने के आसार हैं। सडक़ बनने के बाद विनायक कॉलेज तिराहे से मंडावा पुलिया तक की करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे रास्ते पर राह सुगम हो जाएगी।
गौरतलब है कि इस सड़क पर दिनभर हजारों वाहन व लोगों का गुजरना होता है। यह मार्ग चूरू की ओर से फतेहपुर में आने एवं मंडावा की ओर से फतेहपुर में आने का मुख्य मार्ग है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क जगह—जगह से टूटी गई थी। कई वर्षों से इस सड़क का निर्माण नहीं हो पाया था। अब एनएचएआइ इस 34 सौ मीटर लंबी सड़क का पुर्ननिर्माण करवा रहा है।