चित्तौड़ में 50 लाख की ट्रैवल चोरी में बड़ा ट्विस्ट, पहले कर्मचारी पर था शक, जांच में निकला पीड़ित

Chittorgarh Theft Case: चित्तौड़गढ़ शहर की कोतवाली पुलिस ने करीब एक माह पूर्व बस यात्रा के दौरान हुई 50 लाख रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 46 लाख रुपए और बैग बरामद कर लिया है। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब परिवादी बस में सफर कर रहा था। मामले में पहले पुलिस ने पीड़ित को ही संदेह के दायरे में रखा था लेकिन जांच के बाद पीड़ित को राहत मिली।

यह है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार परिवादी विजयभाई ने 12 मई को रिपोर्ट दी थी कि वह 16 अप्रैल की अलसुबह करीब 4.50 बजे निजी ट्रेवल्स की बस से भीलवाड़ा जा रहा था। उसके पास एक बैग में 50 लाख रुपए थे। बस में उसके पास वाली सीट पर समीर नाम का युवक बैठा था जिसने बातों ही बातों में विजयभाई को अपने झांसे में ले लिया। कान्याखेड़ा गांव के पास समीर ने बस रुकवाई और अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर नजर बचाकर नोटों से भरा बैग और मोबाइल पार कर दिया।

कंपनी ने कर्मचारी पर जताया था शक

जानकारी के अनुसार परिवादी विजयभाई चित्तौड़ की एक ट्रैवल कंपनी में काम करता है। घटना वाले दिन वह कपंनी के 50 लाख रुपए भीलवाड़ा में किसी शख्स को देने जा रहा था। लेकिन घटना घटित होने के बाद वह डर गया और गुजरात में अपने गांव जाकर छिप गया। कंपनी के मालिक ने कोतवाली थाने में शक जताते हुए अपने ही कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने विजयभाई को बुलाकर घटना की तस्दीक की जिसमें पुलिस ने उसे पीड़ित मानकर आगे की जांच शुरू की।

46 लाख बरामद शेष की तलाश जारी

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 46 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी किए गए मोबाइल फोन और शेष राशि के बारे में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्यामलाल, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, हरिराम और धर्मेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।

पुलिस की स्पेशल टीम ने किया खुलासा

इतनी बड़ी रकम की चोरी के बाद एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल कॉन्स्टेबल रामावतार की मदद ली। ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी। पुलिस ने इस चोरी के आरोप में समीर खान मेवाती निवासी दौलतपुरा मंदसौर मप्र,सलमान खान निवासी चंदेरिया चित्तौड़गढ़ व दीपक जोशी निवासी चंदेरिया चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया।