Good News: पीएम सूर्यघर योजना में राजस्थान ने रचा इतिहास, 2 लाख रूफ टॉप सोलर इंस्टॉलेशन का आंकड़ा पार

PM Surya Ghar Yojana: जयपुर. प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजस्थान ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य में 2 लाख से अधिक रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर लिए हैं। करीब 26 माह पहले शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना ने अब प्रदेश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान बना ली है। बढ़ती जनभागीदारी और सरकारी प्रोत्साहन के चलते राजस्थान देशभर में तेजी से सौर ऊर्जा अपनाने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत जयपुर के इमली वाला फाटक स्थित नटराज नगर निवासी तारा शर्मा राज्य की वह उपभोक्ता बनीं जिनके घर पर योजना का 2 लाखवां रूफ टॉप सोलर संयंत्र स्थापित किया गया। इस अवसर पर जयपुर डिस्कॉम की अधीक्षण अभियंता (पीएम सूर्यघर) महिमा साराभाई तथा जयपुर शहर सर्किल (दक्षिण) के अधीक्षण अभियंता अनिल टोडवाल ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और योजनांतर्गत सोलर कुक टॉप भेंट किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह योजना आम नागरिकों को प्रदूषण मुक्त ऊर्जा से जोड़ने के साथ-साथ बिजली बिलों से राहत और ऊर्जा सुरक्षा भी प्रदान कर रही है। केंद्र सरकार की ओर से रूफ टॉप सोलर संयंत्रों पर 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त राजस्थान सरकार मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना में पंजीकृत उपभोक्ताओं को 17 हजार रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान कर रही है। इसी दोहरे लाभ के कारण प्रदेश में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना में तेजी आई है।

योजना के तहत 771 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित

अब तक राजस्थान में इस योजना के तहत 771 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं उपभोक्ताओं को भारत सरकार की ओर से 1354 करोड़ रुपए से अधिक की सब्सिडी सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार हाल के महीनों में योजना के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ा है।

अप्रैल 2026 में अकेले 22,822 रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए, जो अब तक किसी एक माह में सबसे अधिक इंस्टॉलेशन हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि आमजन अब पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों की बजाय सौर ऊर्जा को प्राथमिकता देने लगे हैं।

जयपुर प्रदेश में सबसे आगे है, जहां अब तक 41,296 रूफ टॉप सोलर इंस्टॉल

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो जयपुर प्रदेश में सबसे आगे है, जहां अब तक 41,296 रूफ टॉप सोलर इंस्टॉल किए जा चुके हैं। इसके बाद श्रीगंगानगर में 19,135, सीकर में 12,104, हनुमानगढ़ में 11,530 और झुंझुनूं में 10,185 संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर भी राजस्थान ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और केरल के बाद राजस्थान 2 लाख से अधिक इंस्टॉलेशन के साथ देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यह योजना प्रदेश को ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाएगी तथा पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगी।