Congress Leader Rajendra Baberwal House Firing: राजस्थान के चूरू जिले में गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। दरअसल बदमाशों ने कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद राजेन्द्र बबेरवाल के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे की है। जहां अलसुबह करीब 5 बजे बदमाश आए और फायरिंग शुरू कर दी। एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग होने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो बदमाश फायरिंग कर मौके से भाग रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जिलेभर में नाकाबंदी करवा दी।
फायरिंग के बाद बदमाश चूरू-तारानगर रोड की तरफ भागे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पीछा करते समय पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी।
एक बदमाश घायल, दूसरा हिरासत में
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान अनमोल के रूप में हुई है। उसे तुरंत रतनगढ़ के भरतिया अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसका इलाज जारी है। दूसरे आरोपी रोहित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी।
दो पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में दो पुलिस जवान भी घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश पंजाब के बताए जा रहे हैं।
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए पूर्व पार्षद राजेन्द्र बबेरवाल के घर की लोकेशन और अन्य जानकारी जुटाई थी। घटना के समय राजेन्द्र बबेरवाल रतनगढ़ में मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वे सूरत गए हुए हैं। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग किस वजह से करवाई और बदमाश किस गिरोह से जुड़े हैं।