Sriganganagar News : श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर)। श्रीकरणपुर कस्बे के गांव 17 ओ के निकट रविवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। बाद में मृतक की शिनाख्त गांव 36 एच नग्गी निवासी शेराराम कुम्हार के रूप में हुई। प्रकरण में मृतक के पुत्र ने मर्ग दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार सूरतगढ़-श्रीगंगानगर गाड़ी संख्या 04774 रविवार तड़के करीब पौने तीन बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन के स्टेशन से निकलने के कुछ ही समय बाद करीब दो किलोमीटर दूर एक व्यक्ति अचानक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए वहीं रोकना पड़ा।
मोबाइल फोन और पर्स से हुई पहचान
ट्रेन के गार्ड ने तुरंत घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से मोबाइल फोन और पर्स मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान शेराराम कुम्हार (56) पुत्र लिखमीराम निवासी 36 एच नग्गी के रूप में की गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक की हालत देखकर सभी स्तब्ध रह गए और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटना की जानकारी जुटाई।
‘पार्टी में हूं…कल आऊंगा’
मृतक के पुत्र रवि कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका पिता शनिवार सुबह श्रीकरणपुर आया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर उसने फोन किया, जिस पर पिता ने बताया कि वह किसी परिचित के यहां पार्टी में है और अगले दिन घर लौट आएगा। लेकिन रविवार सुबह पुलिस थाने से हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।