Video: लैब असिस्टेंट: भूगोल विषय की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 73.40 प्रतिशत ने परीक्षा दी

जैसलमेर में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से शनिवार को भूगोल विषय की लैब असिस्टेंट सीधी भर्ती परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। कुल 1929 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1416 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 513 अनुपस्थित रहे। इस तरह जिले में कुल 73.40 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा को लेकर सुबह से ही शहर के अलग-अलग केंद्रों पर काफी हलचल देखने को मिली। कई परीक्षार्थी समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। जिले में इस बार लैब असिस्टेंट भूगोल विषय की परीक्षा के लिए कुल 8 केंद्र बनाए गए थे, जहां एक ही पारी में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों की स्थापना एसबीके कॉलेज, कन्या महाविद्यालय, अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि, बालिका राउमावि, विवेकानंद मॉडल स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, राउमावि सुथार पाड़ा और मिशन स्कूल में की गई।