सवाई माधोपुर। चौथकाबरवाड़ा उपखंड मुख्यालय को शिवाड़ होते हुए जयपुर मार्ग से जोड़ने वाले बनास नदी पर लंबे इंतजार के बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत 101 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पुल का सोमवार को विधायक जितेंद्र गोठवाल शिलान्यास करेंगे।
हालांकि, निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग दो वर्ष लगने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों को कम से कम दो मानसून और परेशानी झेलनी पड़ेगी।
मामला सुलझने के बाद निर्माण का रास्ता साफ
बनास नदी पर डिडायच-देवली क्षेत्र में पुल निर्माण लंबे समय से अटका हुआ था। बजट स्वीकृत होने के बावजूद विभाग और ठेकेदार के बीच निर्माण सामग्री के मानकों को लेकर विवाद कोर्ट तक पहुंच गया था, जिससे परियोजना ठप पड़ गई। अब मामला सुलझने के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
क्षतिग्रस्त रपट से गुजरने को मजबूर
फिलहाल लोग क्षतिग्रस्त रपट से होकर गुजरने को मजबूर हैं, जो हर बारिश में खतरे का सबब बन जाती है। यह मार्ग चौथ का बरवाड़ा से जयपुर जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है, जिस पर रोजाना हजारों लोग निर्भर हैं। नदी में पानी बढ़ते ही रास्ता बंद हो जाता है और गांव-कस्बों का संपर्क उपखंड मुख्यालय से कट जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान मरीजों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार बीमारों को समय पर अस्पताल तक नहीं पहुंचाया जा सका।
इनका कहना है-
‘शिलान्यास कार्यक्रम के बाद पुल निर्माण कार्य तेज गति से करवाया जाएगा ताकि निर्धारित समय पर पुल तैयार हो सके।’ -पुनीत शर्मा, सहायक अभियंता, आरएसआरडीसी सवाईमाधोपुर।