गर्मियों में ‘सेवाबंदी’ झेलने वाले जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट का नजारा रविवार को बदला हुआ नजर आया। जब पहली बार समर शेड्यूल के अंतर्गत शुरू की गई अलायंस एयर का 78 सीटों वाला विमान जयपुर से एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। विमान में आए यात्रियों व क्रू सदस्यों का वहां मौजूद पर्यटन और कला-संस्कृति से जुड़े प्रतिनिधियों की ओर से माल्यार्पण व ढोल-नगाड़ों की स्वर लहरियों के साथ स्वागत किया गया। गौरतलब है कि विमानन कम्पनियों ने सर्दी का मौसम खत्म होने के साथ गत अर्से जैसलमेर से विमान सेवाओं का संचालन बंद कर दिया था।
उसके बाद जिला प्रशासन के नेतृत्व में स्थानीय होटल व पर्यटन क्षेत्र के अन्य व्यवसायियों आदि के आगे आने के बाद अलायंस एयर ने सप्ताह में दो दिन (रविवार व गुरुवार) को जयपुर-जैसलमेर के बीच विमान सेवा का संचालन करने का फैसला किया। इस पहल के तहत पहली फ्लाइट रविवार को सुबह 11.20 बजे जयपुर से जैसलमेर उतरी। उसमें जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, पूर्व राजपरिवार की सदस्या रासेश्वरी राज्यलक्ष्मी, पर्यटन व्यवसायी मयंक भाटिया सहित अन्य यात्री जयपुर से आए। जानकारी के अनुसार पहली फ्लाइट में जहां 12 यात्री जयपुर से जैसलमेर पहुंचे वहीं वापसी में 4 यात्री यहां से गए। जयपुर-जैसलमेर के बीच फ्लाइट का किराया प्रति यात्री 7000 रुपए है।
सिमट गई दूरी
जयपुर से जैसलमेर के बीच सडक़ या ट्रेन से सफर करने में 10-12 घंटे का समय लगता है, वहीं फ्लाइट से यह यात्रा 1 घंटा 45 मिनट में तय हो जाएगी। इससे पर्यटकों सहित अन्य यात्रियों के समय की बचत होगी। विशेष तौर पर विमान सेवा होने से जैसलमेर से प्रदेश की राजधानी के बीच सप्ताह में दो सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही वर्ष 2017 में शुरू हुई थी लेकिन विगत कुछ वर्षों के दौरान एयरपोर्ट पर केवल अक्टूबर से फरवरी-मार्च तक के विंटर शेड्यूल में ही सेवाओं का संचालन किया जाता रहा है। पर्यटन व्यवसायी मयंक भाटिया ने कहा कि हम लोगों ने मिल कर विमान सेवा को शुरू तो करवा दिया है, अब इसका नियमित संचालन में सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी। गौरतलब है कि यह विमान सेवा वायबिलिटी गैप फंडिंग के आधार पर शुरू की गई है। इसके तहत अगर तयशुदा संख्या में यात्रीभार नहीं मिला तो कुछ लोग एयरलाइंस को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई करेंगे। पूर्व में वर्ष 2021 में इसी तरह से विंटर शेड्यूल को आगे बढ़ाया गया था। उस समय पर्यटन व्यवसायियों ने मिलकर एयरलाइंस कंपनी को यात्री भार की गारंटी दी थी।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जैसलमेर हमेशा से एक लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन रहा है। गर्मी के सीजन में विमान सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा और यह एक बड़ा बूस्टर साबित होगा। इस विमान सेवा को शुरू करवाने वाले सभी लोगों को प्रशासन की तरफ से धन्यवाद। इस विमान सेवा के शुरू होने से नाइट टूरिज्म भी बढ़ सकेगा।
– अनुपमा जोरवाल, जिला कलक्टर, जैसलमेर