गर्मी में घर बना ‘कूल जोन’: व्हाइट इंटीरियर, इंडोर प्लांट्स और मिनिमल डेकोर से बदल रहा शहर का होम स्टाइल ट्रेंड

घरों को ठंडा, हल्का और आकर्षक बनाने के लिए लोग अब भारी सजावट छोड़कर मिनिमल और कूल इंटीरियर की ओर बढ़ रहे- पर्दे, पौधे और व्हाइट थीम बन रहे पहली पसंद

उदयपुर. शहर इस समय गर्मी अपने चरम पर है और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की दिनचर्या के साथ-साथ घरों के इंटीरियर को भी बदलना शुरू कर दिया है। तेज धूप और उमस से राहत पाने के लिए अब लोग अपने घरों को सिर्फ सुंदर बनाने तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि उन्हें ठंडा, आरामदायक और एयर-फ्रेंडली बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इसी बदलाव के चलते ‘कूल होम ट्रेंड’ तेजी से शहर में अपनी जगह बना रहा है। इस ट्रेंड में हल्के रंगों का उपयोग, प्राकृतिक तत्वों की मौजूदगी और मिनिमल डेकोर को प्राथमिकता दी जा रही है। लोग अब भारी फर्नीचर और डार्क थीम से दूरी बनाकर व्हाइट और पेस्टल इंटीरियर की ओर बढ़ रहे हैं, जो घर को न केवल बड़ा और खुला दिखाते हैं बल्कि गर्मी के असर को भी कम महसूस कराते हैं।

व्हाइट इंटीरियर बना पहली पसंद

इंटीरियर डिजाइनरों के अनुसार अब लोग डार्क और भारी रंगों से दूरी बना रहे हैं। इसकी जगह व्हाइट, ऑफ-व्हाइट, क्रीम और पेस्टल शेड्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ये रंग न केवल घर को बड़ा और खुला दिखाते हैं, बल्कि गर्मी को भी कम महसूस कराते हैं। दीवारों से लेकर सोफे कवर और पर्दों तक, हर जगह हल्के रंगों का चलन देखा जा रहा है।—

इंडोर प्लांट्स से बढ़ रही ठंडक और फ्रेशनेस

घर के अंदर छोटे-छोटे गमलों में लगे पौधे अब सिर्फ सजावट का हिस्सा नहीं रहे, बल्कि गर्मी से राहत का जरिया भी बन रहे हैं। मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, एलोवेरा और पीस लिली जैसे इंडोर पौधे न सिर्फ ऑक्सीजन बढ़ा रहे हैं, बल्कि कमरे के तापमान को भी संतुलित करने में मदद कर रहे हैं। लोग बालकनी और लिविंग रूम को मिनी गार्डन का रूप दे रहे हैं।

हल्के पर्दे और प्राकृतिक रोशनी का बढ़ा उपयोग

भारी और मोटे पर्दों की जगह अब कॉटन, लिनन और शीयर फैब्रिक के हल्के पर्दे लगाए जा रहे हैं। इससे घर में हवा का प्रवाह बना रहता है और प्राकृतिक रोशनी भी अंदर आती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह तरीका न केवल बिजली की बचत करता है, बल्कि घर को नेचुरली कूल भी रखता है।—

शहर में तेजी से बढ़ रही डिमांड

शहर में होम डेकोर स्टोर्स और नर्सरी में इन दिनों खासा बदलाव देखने को मिल रहा है। व्हाइट इंटीरियर से जुड़े प्रोडक्ट्स और इंडोर प्लांट्स की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। लोग अब घर को सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक कूल और रिलैक्सिंग स्पेस के रूप में देखने लगे हैं।

पिछले एक महीने में व्हाइट पेंट, हल्के पर्दे और इंडोर प्लांट्स की बिक्री में लगभग 30-40% की बढ़ोतरी हुई है। लोग अब कम बजट में घर का पूरा लुक बदल रहे हैं।

सुनील कुमार, शॉप संचालक

गर्मी के बढ़ते असर के बीच अब लोग घरों के इंटीरियर में स्टाइल से ज्यादा कूलिंग इफेक्ट को प्राथमिकता दे रहे हैं। व्हाइट, ऑफ-व्हाइट और पेस्टल थीम की डिमांड तेजी से बढ़ रही है क्योंकि ये रंग घर को न सिर्फ खुला और आकर्षक बनाते हैं, बल्कि अंदर का तापमान भी अपेक्षाकृत ठंडा महसूस कराते हैं। आज लोग भारी और डार्क इंटीरियर से हटकर ऐसे मिनिमल और एयर-फ्रेंडली डिजाइन अपना रहे हैं जो कम बजट में भी बेहतर आराम और सुकून दे सकें।

राहुल शर्मा, इंटीरियर डिजाइनर