Jhunjhunu News: जिला अस्पताल से 12 लाख के इंजेक्शन चोरी, डायलिसिस कर्मी गिरफ्तार, यूपीआई से बंटे थे पैसे

झुंझुनूं। नवलगढ़ जिला अस्पताल में महंगी दवाओं की चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। करीब 12 लाख रुपए कीमत के ह्यूमिन एल्ब्यूमिन इंजेक्शनों की चोरी प्रकरण में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले की जांच नवलगढ़ वृत्ताधिकारी एएसपी महावीर सिंह शेखावत के निर्देशन और थानाधिकारी सीआई अजय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चौथा आरोपी दीपेंद्र सैनी, सीकर जिले के कांवट क्षेत्र के डूंगरी वाली का निवासी है। वह हाल ही में जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में डायलिसिस कर्मी के रूप में कार्यरत था। इससे पहले भी इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो डायलिसिस टेक्नीशियन और एक युवती शामिल हैं।

12 लाख के इंजेक्शन चोरी

गौरतलब है कि 2 अप्रैल 2026 को नवलगढ़ जिला अस्पताल से ह्यूमिन एल्ब्यूमिन इंजेक्शन चोरी होने का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल प्रशासन ने एक कमेटी गठित की, जिसकी रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच कुल 323 इंजेक्शन गायब पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपए है। इसके बाद 5 अप्रैल को अस्पताल के पीएमओ डॉ. महेंद्र सबलानिया ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

ये 4 लोग हुए गिरफ्तार

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने नवलगढ़ निवासी दीपाली कुमावत, सीकर के खाखोली निवासी देवेंद्र सिंह, बबाई निवासी विकास सैनी और अब दीपेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि घटना के समय देवेंद्र सिंह नवलगढ़ अस्पताल में कार्यरत था, जबकि विकास और दीपेंद्र निजी अस्पतालों में डायलिसिस टेक्नीशियन के रूप में काम कर रहे थे।

यूपीआई से पैसा लेनदेन पकड़ा गया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दीपाली कुमावत का संपर्क पहले से ही देवेंद्र सिंह के साथ था। हालांकि वह स्वयं किसी अस्पताल में कार्यरत नहीं थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों के बीच यूपीआई के माध्यम से पैसों के लेनदेन के प्रमाण भी मिले हैं, जिससे पूरे नेटवर्क के संगठित रूप से काम करने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।