जयपुर। द्रव्यवती नदी के आसपास बसे इलाकों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और कनेक्टिविटी सुधारने के उद्देश्य से जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने दो नई पुलिया (कल्वर्ट) के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 15.85 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और काम को करीब आठ माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जेडीए द्वारा जारी निविदा के अनुसार, कटेवा नगर क्षेत्र में बनने वाली पुलिया पर लगभग 8.14 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि रीको एसटीपी के पास प्रस्तावित पुलिया पर करीब 7.71 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इन दोनों पुलियाओं के बनने से न केवल नदी के दोनों किनारों के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।
2-3 किमी की दूरी घटेगी
कटेवा नगर क्षेत्र में प्रस्तावित पुलिया न्यू सांगानेर रोड को पंडित टी.एम. कृष्ण मार्ग से जोड़ेगी। इससे आसपास की 10 से 15 कॉलोनियों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा की दूरी करीब 2 से 3 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। वहीं, रीको एसटीपी के पास बनने वाली पुलिया लक्ष्मीनगर और सांगानेर के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इस परियोजना से करीब 30 से 40 कॉलोनियों के निवासियों को सुविधा मिलेगी और लगभग 3 किलोमीटर की दूरी घटेगी।
दो जगहों पर और बनेंगी पुलिया
जेडीए की योजना के तहत द्रव्यवती नदी पर कुल चार पुलियाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से फिलहाल दो पर काम शुरू होने जा रहा है। शेष दो पुलियाएं न्यू आतिश मार्केट के पीछे और देवरी एसटीपी क्षेत्र में बनाई जाएंगी, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
विशेषज्ञों का मानना है कि इन पुलियाओं के निर्माण से स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी और लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे। साथ ही, यह परियोजना शहर के शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।