heatwave Rajasthan: जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र जयपुर ने 26 अप्रैल 2026 को तत्काल चेतावनी (नाउकास्ट) जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में मौसम बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार नागौर, जोधपुर, सिरोही, जैसलमेर, अजमेर, टोंक, करौली, भीलवाड़ा, धौलपुर, बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, बारां, झालावाड़, बांसवाडा, प्रतापगढ़ व उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नागरिकों को बारिश और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
28 से 30 अप्रैल के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, 15–20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं कुछ क्षेत्रों में हीटवेव और गर्म रात (वार्म नाइट) का असर भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान बाड़मेर में 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह 8:30 बजे के आंकड़ों के मुताबिक हवा में आर्द्रता 24 से 58 प्रतिशत के बीच रही।
आने वाले दिनों की बात करें तो तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले 1-2 दिनों तक कहीं-कहीं हीटवेव चल सकती है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं
मौसम विभाग ने बताया कि 28 से 30 अप्रैल के बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।