Real Brother-Sister Died In Deeg: राजस्थान से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल डीग जिले के कामवन थाना क्षेत्र के गांव लेवड़ा में घर में बनी मिट्टी की कच्ची रसोई अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे आपस में सगे भाई-बहन थे। घटना के समय घर में कोई बड़ा मौजूद नहीं था ।
भरभराकर गिरी कच्ची रसोई का फोटो: पत्रिका
मजदूरी पर गए थे माता-पिता
मृतक बच्चों के माता-पिता घटना के समय मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। घर पर केवल बच्चे ही मौजूद थे । 4 साल का बेटा और 5 साल की बेटी घर में खेल रहे थे, जबकि 1.5 साल की सबसे छोटी बेटी माता-पिता के साथ मजदूरी पर गई हुई थी ।
खेलते-खेलते दबे मासूम
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे घर में खेल रहे थे, तभी अचानक कच्ची रसोई का हिस्सा गिर पड़ा और दोनों उसके मलबे के नीचे दब गए । बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी ।
विलाप करते परिजनों की फोटो: पत्रिका
ग्रामीणों की मदद से बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया । दोनों बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है । वहीं पुलिस पोस्टमार्टम की कार्यवाही में लगी हुई है ।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया । फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी हुई है ।
मृतक बच्चों का फाइल फोटो: पत्रिका
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
एक ही झटके में दो बच्चों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है । माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है । ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे मकानों की जर्जर हालत के कारण ये हादसा हुआ ।